विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुंबई में एक समुदाय विशेष के नाबालिगों ने युवा जोड़े पर बोला हमला, आठ हिरासत में

By Om Prakash TiwariEdited By: Shubham Kumar
Published: Sat, 21 Nov 2026 09:09 PM (IST)

मुंबई के कुर्ला स्थित प्रमोद महाजन उद्यान में एक युवा जोड़े पर हमला करने के आरोप में आठ नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है। घटना का वीडियो वायरल होने और भाजपा नेता किरीट सोमैया के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने कार्रवाई की।

प्रमोद महाजन उद्यान में युवा जोड़े के साथ मारपीट (AI से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर)

प्रमोद महाजन उद्यान में युवा जोड़े के साथ मारपीट (AI से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर)

HighLights

  1. मुंबई के कुर्ला में युवा जोड़े पर नाबालिगों का हमला।

  2. आठ नाबालिग हिरासत में, वीडियो वायरल होने पर कार्रवाई।

  3. भाजपा नेता किरीट सोमैया ने सांप्रदायिक आरोप लगाए।

ओम प्रकाश तिवारी, मुंबई। मुंबई के कुर्ला पश्चिम स्थित प्रमोद महाजन उद्यान में एक युवक और युवती के साथ सरेआम मारपीट और बदसलूकी करने के आरोप में आठ नाबालिग लड़कों को हिरासत में ले लिया गया है।

20 नवंबर को हुई इस घटना में आठ से 10 नाबालिग लड़कों के एक समूह ने कथित तौर पर एक युवक-युवती को घेरकर डंडों, बेल्ट, चप्पलों और पत्थरों से हमला किया। हैरानी की बात यह है कि हमलावरों की उम्र महज सात से 15 वर्ष के बीच बताई जा रही है।

घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पूर्व भाजपा सांसद किरीट सोमैया के हस्तक्षेप पर घाटकोपर पुलिस ने आठ नाबालिगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक और युवती प्रमोद महाजन उद्यान में घूमने और तस्वीरें खींचने गए थे। इसी दौरान वहां मौजूद लड़कों के एक समूह ने उन पर अश्लील टिप्पणियां और फब्तियां कसनी शुरू कर दीं। जोड़े ने जब इसका विरोध किया तो आरोपितों ने उन्हें घेर लिया। इसके बाद दोनों के साथ मारपीट शुरू कर दी गई। हमलावरों ने डंडों, बेल्ट, चप्पलों और पत्थरों का इस्तेमाल किया।

घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के बाद भाजपा नेता किरीट सोमैया के हस्तक्षेपर पर घाटकोपर पुलिस ने वीडियो और पीड़ितों की शिकायत के आधार पर आरोपितों की पहचान की। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 189(2), 118(1), 352 और 351(2) के तहत मामला दर्ज किया है।

इनमें गैरकानूनी जमावड़ा, चोट पहुंचाने, जानबूझकर अपमान करने और आपराधिक धमकी देने से संबंधित प्रावधान शामिल हैं। पुलिस ने पांच नाबालिगों के अभिभावकों को भी कानूनी नोटिस जारी किया है। सभी आरोपितों को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जाएगा।

इस घटना पर भाजपा नेता किरीट सोमैया ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए आरोप लगाया कि हमलावर एक समुदाय विशेष से संबंधित थे और उन्होंने युवा जोड़े के पहनावे तथा इलाके में आने पर आपत्ति जताते हुए उनके साथ मारपीट की। सोमैया ने इसे 'मुस्लिम गुंडई' करार देते हुए दोषियों के साथ उनके अभिभावकों के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की मांग की है।

हालांकि, पुलिस ने अब तक अपने आधिकारिक बयान में आरोपितों की धार्मिक पहचान या घटना के किसी सांप्रदायिक पहलू की पुष्टि नहीं की है। इस पूरे घटनाक्रम का सबसे चिंताजनक पहलू आरोपितों की कम उम्र है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।