Move to Jagran APP

Monsoon Update: मुंबई में दो दिन पहले पहुंचा मानसून, कई इलाकों में हुई झमाझम बारिश

मानसून दो दिन पहले रविवार को मुंबई पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार केरल और पूर्वोत्तर क्षेत्र में भी मानसून जल्दी पहुंचा।मानसून केरल और पूर्वोत्तर में 30 मई को पहुंचा। भारी बारिश के कारण पड़ोसी पालघर जिले में सड़क का हिस्सा टूट गयाजिससे मुंबई-अहमदाबाद राजमार्ग पर रविवार सुबह चार घंटे से अधिक समय तक यातायात प्रभावित रहा। ठाणे नासिक छत्रपति संभाजीनगर सहित महाराष्ट्र के कई जिलों में बारिश हुई है।

By Agency Edited By: Nidhi Avinash Sun, 09 Jun 2024 11:45 PM (IST)
Monsoon Update: मुंबई में दो दिन पहले पहुंचा मानसून, कई इलाकों में हुई झमाझम बारिश
मुंबई में दो दिन पहले पहुंचा मानसून (IMAGE: ani)

नई दिल्ली, पीटीआई। दक्षिण-पश्चिम मानसून दो दिन पहले रविवार को मुंबई पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार केरल और पूर्वोत्तर क्षेत्र में भी मानसून जल्दी पहुंचा था। मानसून केरल और पूर्वोत्तर में 30 मई को पहुंचा था।

आम तौर पर मानसून एक जून तक केरल, 11 जून तक मुंबई और पांच जून को पूर्वोत्तर पहुंचता है।अधिकारियों ने रविवार को कहा कि मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में पिछले 24 घंटों में भारी बारिश हुई है। इससे लोगों को गर्म और उमस भरे मौसम से राहत मिली, लेकिन बारिश के कारण जलजमाव और ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ा है।

भारी बारिश के कारण पड़ोसी पालघर जिले में सड़क का हिस्सा टूट गया, जिससे मुंबई-अहमदाबाद राजमार्ग पर रविवार सुबह चार घंटे से अधिक समय तक यातायात प्रभावित रहा। ठाणे, नासिक, छत्रपति संभाजीनगर, अहमदनगर, सतारा और जलगांव सहित महाराष्ट्र के कई अन्य जिलों में भारी बारिश हुई है।

रविवार सुबह 8.30 बजे समाप्त 24 घंटे की अवधि में मुंबई में 60 मिमी से अधिक बारिश हुई। कोलाबा वेधशाला जहां राज्य सरकार के अधिकांश कार्यालय हैं, में 67 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के पास सांताक्रूज वेधशाला में इसी अवधि में 64 मिमी बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार सतारा में पिछले एक दिन में 91 मिमी, नासिक में 64 मिमी, अहमदनगर में 57 मिमी, छत्रपति संभाजीनगर में 51 मिमी और जलगांव में 41 मिमी बारिश दर्ज की गई। ठाणे और पालघर जिलों में भी रातभर भारी बारिश हुई, जिससे कुछ इलाकों में जलजमाव हो गया। रविवार सुबह 8.30 बजे समाप्त 24 घंटे की अवधि में, ठाणे शहर में 37.06 मिमी बारिश हुई।

लातूर में साइनबोर्ड गिरा, युवक की मौतलातूर

महाराष्ट्र के लातूर जिले में तेज हवाओं और बारिश के बीच साइनबोर्ड गिरने से एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने कहा कि हादसा शनिवार शाम अहमदपुर के पास हुआ। युवक ज्ञानेश्वर बालाजी अपनी मोटरसाइकिल से शिरूर-ताजबंद जा रहे थे। जब वह राजमार्ग के नीचे से गुजर रहे थे तो तेज हवाओं और बारिश के कारण राजमार्ग पर दिशा और दूरी दर्शाने वाला साइनबोर्ड गिर गया।

दुर्घटना से हुई मौत का मामला दर्ज कर लिया गया है। इससे पहले पिछले महीने तेज आंधी से घाटकोपर में अवैध रूप से लगा लोहे का होर्डिंग बगल के पेट्रोल पंप पर जा गिरा था। इस हादसे में 17 लोगों की मौत हो गई, जबकि 70 से अधिक लोग घायल हो गए थे।