विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पैसा, हुडी और केतन की हत्या: सिया ने क्यों चुना लोहागढ़ किला? सिक्योरिटी गार्ड ने बताया आंखों देखा हाल

Published: Wed, 24 Jun 2026 07:59 PM (IST)Updated: Wed, 24 Jun 2026 08:59 PM (IST)

लोहगढ़ किले के सिक्योरिटी गार्ड के बयान से केतन अग्रवाल की मौत के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है।

लोहागढ़ किले के सिक्योरिटी गार्ड ने बताई 18 जून की कहानी (जागरण)

लोहागढ़ किले के सिक्योरिटी गार्ड ने बताई 18 जून की कहानी (जागरण)

HighLights

  1. केतन अग्रवाल की मौत हत्या की साजिश निकली।

  2. सिक्योरिटी गार्ड ने सिया और चेतन को देखा।

  3. चेतन हुडी पहनकर पहचान छिपाने आया था।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। पुणे के रहने वाले केतन अग्रवाल की मौत के मामले में एक-एक करते परत खुल रही हैं। केतन के लोहागढ़ किले से खाई में गिरने की खबर सामने आई थी, लेकिन अब ये हादसा एक खतरनाक साजिश के तौर पर सामने आ रहा है।

केतन हत्याकांड मामले में लोहागढ़ किले के सिक्योरिटी गार्ड का बयान सामने आया है। इसी सिक्योरिटी गार्ड ने 18 जून की सुबह किले के टिकट काउंटर पर केतन अग्रवाल, उसकी मंगेतर सिया गोयल और सिया का प्रेमी चेतन चौधरी तीनों को देखा था।

सिक्योरिटी गार्ड ने बताया आंखों देखा हाल

लोहागढ़ किले के गार्ड धीरज जाधव ने बताया कि सबसे पहले किले में सिया गोयल और केतन अग्रवाल आए थे, वे दोनों साथ थे। सिया और केतन ने काउंटर पर ऑनलाइन एंट्री टिकट बुक करने की कोशिश की, लेकिन फोन में नेटवर्क नहीं आ रहा था।

केतन और सिया को बताया गया कि किले में ऊपर की तरफ नेटवर्क बेहतर है। स्टाफ ने उन्हें QR स्कैनर की फोटो क्लिक करने के लिए कहा और ऊपर नेटवर्क एरिया में जाकर पेमेंट करने के लिए कहा। स्टाफ ने कहा कि लौटते वक्त पेमेंट की डिटेल दिखा देना।

सिया और केतन के किले में जाने के कुछ मिनट बाद, एक और विजिटर अकेला आया। सीसीटीवी फुटेज से इस विजिटर की पहचान सिया के प्रेमी चेतन चौधरी के तौर पर की गई है।

छुपते-छिपाते जाना चाहता था चेतन

चेतन जिस तरह किले में आया था, उस पर किसी का भी ध्यान न जाए, ऐसा मुश्किल था। चेतन हुडी पहनकर आया था, जिसे उसने अपने मुंह के नीचे तक खींचा हुआ था, जिससे उसका चेहरा दिखाई न दे। उसने हेडफोन पहने हुए थे और वो टिकट काउंटर के पास से ऐसे गुजरा जैसे वह स्टाफ को नजरअंदाज कर रहा हो।

एएनआइ के मुताबिक, चेतन चौधरी को जब एक गार्ड ने रोका तो उसने कहा कि वह एक्सरसाइज करने आया है, लौटते समय पेमेंट कर देगा। इसके बाद चेतन आगे जॉगिंग करते हुए चला गया।

गार्ड की बात उस बात को और पुख्ता करती है जो CCTV फुटेज से पहले ही पता चल गई थी कि किले में चेतन का आना जानबूझकर, सोच-समझकर और पहचान छिपाकर किया गया था।

पुलिस का कहना है कि वह उस सुबह सिया और केतन से पहले ही पहाड़ी की तलहटी में आ चुका था और उन दोनों के आने का इंतजार कर रहा था और फिर उनके पीछे-पीछे ऊपर गया।

33 डिग्री गर्मी के बावजूद हुडी पहनना और उससे चेहरा छिपना, इस बात ने टिकट काउंटर की फुटेज देख रहे इन्वेस्टिगेटर्स का ध्यान उसकी ओर खींचा था।

इन सभी बातों से यही बात सामने आ रही है कि चेतन और सिया ने मिलकर ही केतन को मारने की साजिश रची। किले में ऊपर एक सुनसान चट्टान के किनारे पर, सिया और चेतन दोनों ने केतन को 400 फीट गहरी खाई में धक्का दे दिया।

इसके बाद सिया ने शोर मचाया और परिवार को बताया कि फोटो खिंचवाते समय उसका पैर फिसल गया था। केतन के परिवार ने गलती से गिरने की थ्योरी को नहीं माना। उन्होंने कहा कि एक अनुभवी ट्रेकर आसानी से फिसलेगा नहीं। परिवार की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज कराने के बाद हत्या का मामला दर्ज किया गया।

यह भी पढ़ें- 5 स्टार होटल, 70 कमरे और बर्थडे पार्टी... सिया ने क्यों किया सब कैंसिल? केतन की हत्या पर नया खुलासा