मनसे कार्यकताओं ने की लोकनिर्माण विभाग के दफ्तर में तोड़फोड़
महाराष्ट्र पीडब्ल्यूडी मंत्री चंद्रकांत पाटिल नेकहा था कि सड़कों के गड्ढों को पूरी तरह से दुर्घटनाओं के लिए दोषी नहीं ठहराया जा सकता है।
मुंबई, एएनआइ। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के कार्यकर्ताओं ने भी राज्य में सड़क के गड्ढों से हो रही मौत की घटनाओं पर रोष जताते हुए नवी मुंबई में लोक निर्माण विभाग के कार्यालय में तोड़फोड़ की। गौरतलब है कि महाराष्ट्र के पीडब्ल्यूडी मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने कुछ दिन पहले अपने एक बयान में कहा था कि सड़कों के गड्ढों को पूरी तरह से दुर्घटनाओं के लिए दोषी नहीं ठहराया जा सकता है। मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने अाज अपने इस बयान पर सफाई भी दी है।
महाराष्ट्र के पीडब्ल्यूडी मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने सड़क दुर्घटनाओं पर दिए गए अपने बयान पर सफाई देते हुए कहा कि मेरा मतलब किसी की भावनाओं को चोट पहुंचाने का नहीं था, मैंने एक सामान्य बयान दिया था।
दरअसल महाराष्ट्र पीडब्ल्यूडी मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने अपने पहले बयान में कहा था कि सड़कों के गड्ढों को पूरी तरह से दुर्घटनाओं के लिए दोषी नहीं ठहराया जा सकता है। सांगली में मीडिया से बात करते हुए पाटिल ने कहा था कि दुर्घटनाओं में जब आप मौत की बात करते हैं तो भूल जाते हैं कि पांच लाख अन्य लोग भी इसी सड़क से गुजरते हैं। आप सिर्फ सड़क की स्थिति को अकेले दोषी नहीं ठहरा सकते हैं।'
वहीं, विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने पीडब्ल्यूडी मंत्री पाटिल के इस बयान को असंवेदनशील बताते हुए राज्य कांग्रेस के महासचिव सचिन सावंत ने कहा था कि पाटिल सड़क को लेकर लोगों के विचार पर प्रश्न उठा रहे हैं लेकिन वह चुनाव के बाद ही समझेंगे कि लोग क्या कर सकते हैं।