विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोकुल डेयरी के चुनाव में सत्तारूढ़ महायुति का कब्जा, राजेश पाटिल बने नए अध्यक्ष

By Om Prakash TiwariEdited By: Garima Singh
Published: Tue, 10 Nov 2026 10:13 PM (IST)

सत्तारूढ़ महायुति ने कोल्हापुर की प्रतिष्ठित गोकुल डेयरी के अध्यक्ष पद पर कब्जा कर लिया है, जिससे पश्चिमी महाराष्ट्र की ...और पढ़ें

महायुति ने कोल्हापुर गोकुल डेयरी अध्यक्ष पद जीता

महायुति ने कोल्हापुर गोकुल डेयरी अध्यक्ष पद जीता

HighLights

  1. महायुति ने कोल्हापुर गोकुल डेयरी अध्यक्ष पद जीता

  2. राजेश पाटिल ने शशिकांत पाटिल चुयेकर को हराया

  3. यह जीत पश्चिमी महाराष्ट्र में राजनीतिक वर्चस्व का प्रतीक

ओमप्रकाश तिवारी, मुंबई। पश्चिम महाराष्ट्र की सहकारी राजनीति में दशकों से प्रभावी रही कांग्रेस एवं शरद पवार के वर्चस्व को चुनौती देते हुए सत्तारूढ़ महायुति ने आखिरकार कोल्हापुर की प्रतिष्ठित गोकुल डेयरी पर कब्जा जमा लिया है।

मंगलवार को हुए अध्यक्ष पद के चुनाव में महायुति समर्थित राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार गुट) के पूर्व विधायक राजेश पाटिल ने कांग्रेस नेता सतेज पाटिल समर्थित शशिकांत पाटिल चुयेकर को 16-13 मतों से पराजित कर दिया।

महायुति ने कोल्हापुर गोकुल डेयरी अध्यक्ष पद जीता

यह जीत केवल एक सहकारी संस्था के अध्यक्ष पद का चुनाव नहीं है, बल्कि पश्चिम महाराष्ट्र में राजनीतिक वर्चस्व की लड़ाई में महायुति की बड़ी बढ़त मानी जा रही है।

करीब चार हजार करोड़ रुपये के सालाना कारोबार वाली गोकुल डेयरी कोल्हापुर की ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। दूध उत्पादकों से लेकर स्थानीय नेताओं तक इसका व्यापक प्रभाव है।

यही वजह है कि इस बार डेयरी का चुनाव राजनीतिक प्रतिष्ठा का प्रश्न बन गया था। शरद पवार और कांग्रेस समर्थित नेताओं का लंबे समय से सहकारी संस्थाओं पर प्रभाव रहा है।

ऐसे में गोकुल पर कब्जा जमाना महायुति के लिए बड़ी राजनीतिक उपलब्धि है। गोकुल के 25 निर्वाचित निदेशकों के लिए 19 अक्टूबर को हुए चुनाव में सतेज पाटिल के नेतृत्व वाले राजर्षि शाहू शेतकरी समविचारी आघाड़ी ने 13 सीटें जीतकर बढ़त बनाई थी।

राजेश पाटिल ने शशिकांत पाटिल चुयेकर को हराया

महायुति समर्थित छत्रपति शाहू शेतकरी विकास आघाड़ी को 12 सीटें मिली थीं। इस तरह निर्वाचित निदेशकों के बीच विपक्ष को बहुमत हासिल था। लेकिन अध्यक्ष पद के चुनाव में 14 सदस्यों का कोरम पूरा करने की चुनौती दोनों गुटों के सामने थी।

महायुति के निदेशकों की अनुपस्थिति के कारण 29 अक्टूबर की बैठक भी नहीं हो सकी। इसके बाद विपक्ष ने अलग बैठक में अपने उम्मीदवार को अध्यक्ष घोषित कर दिया, जिसे लेकर कानूनी विवाद शुरू हो गया।

इस बीच राज्य सरकार ने महाराष्ट्र सहकारी संस्था अधिनियम में अध्यादेश के जरिये संशोधन कर बड़ी सहकारी संस्थाओं में पांच निदेशक मनोनीत करने का प्रविधान किया।

इनमें चार को मतदान का अधिकार मिला। गोकुल में भी चार मनोनीत निदेशकों की नियुक्ति हुई। विपक्ष ने इसे निर्वाचित बहुमत को पलटने की सरकारी कोशिश बताते हुए विरोध किया।

नौ नवंबर को सतेज पाटिल के नेतृत्व में दूध उत्पादकों और विपक्षी नेताओं ने मवेशियों के साथ प्रदर्शन भी किया। मनोनीत निदेशकों की नियुक्ति को चुनौती देते हुए मामला मुंबई उच्चन्यायालय पहुंचा। लेकिन सोमवार को अदालत ने अध्यादेश पर रोक लगाने से इनकार कर दिया।

हालांकि कोर्ट ने चारों मनोनीत निदेशकों के मत अलग मतपेटी में सुरक्षित रखने का निर्देश दिया। इसके बाद मंगलवार को हुए चुनाव में महायुति के 12 निर्वाचित और चार मनोनीत निदेशकों के समर्थन से राकांपा (अजीत) गुट के राजेश पाटिल को 16 वोट मिले। विपक्ष के उम्मीदवार चुयेकर को 13 मत मिले।

यह जीत पश्चिमी महाराष्ट्र में राजनीतिक वर्चस्व का प्रतीक

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सरकार द्वारा लिए निर्णय का बचाव करते हुए कहा कि सरकार किसी व्यक्ति विशेष के साथ नहीं, बल्कि गोकुल सहकारी संस्था के साथ है।

उन्होंने कहा कि जब निर्वाचित निदेशक आवश्यक कोरम पूरा नहीं कर पा रहे थे, तब संस्था का कामकाज सुचारु रखने के लिए मनोनीत निदेशकों की नियुक्ति की गई। उनके अनुसार, सहकारिता क्षेत्र में विशेषज्ञों की भागीदारी से संस्थाओं का प्रबंधन बेहतर होगा।

गोकुल की यह जीत महायुति के लिए पश्चिम महाराष्ट्र में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने का अवसर है। खासकर कोल्हापुर में भाजपा, शिवसेना और अजित पवार की राकांपा के बीच तालमेल का संदेश भी इससे गया है। हालांकि, विपक्ष इसे जनादेश के बजाय सरकारी हस्तक्षेप से हासिल सत्ता बता रहा है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।