'गोद लेने और लिव-इन रिलेशनशिप के नियमों में हो छूट', महाराष्ट्र यूसीसी में पारसी समुदाय की बड़ी मांग
बॉम्बे पारसी पंचायत ने महाराष्ट्र में प्रस्तावित समान नागरिक संहिता से कुछ प्रावधानों में छूट मांगी है। वे गोद लेने, लिव-इन रिलेशनशिप और पारंपरिक विवाह समारोहों के नियमों में समुदाय के लिए अपवाद चाहते हैं।

महाराष्ट्र UCC पर पारसी समुदाय की बड़ी मांग ( प्रतीकात्मक तस्वीर)
HighLights
बॉम्बे पारसी पंचायत ने यूसीसी से कुछ छूट मांगी।
गोद लेने के नियमों में विशेष अपवाद चाहते हैं।
लिव-इन रिलेशनशिप मान्यता पर भी छूट की मांग।
डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई में पारसी और ईरानी जोरोस्ट्रियन समुदाय का प्रतिनिधित्व करने वाली संस्था बॉम्बे पारसी पंचायत (BPP) ने महाराष्ट्र में प्रस्तावित समान नागरिक संहिता (UCC) के कुछ प्रावधानों से छूट की मांग की है।
बॉम्बे पारसी पंचायत ने रिटायर्ड जस्टिस रंजना देसाई की अध्यक्षता वाली ड्राफ्टिंग कमेटी को पत्र लिखकर स्पष्ट किया है कि वे यूसीसी के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन गोद लेने , लिव-इन रिलेशनशिप को मान्यता देने और पारंपरिक विवाह समारोहों के नियमों में समुदाय के लिए छूट चाहते हैं।
बॉम्बे पारसी पंचायत का मुख्य जोर इस बात पर है कि केवल पारसी बच्चों को ही पारसी परिवारों द्वारा गोद लेने की अनुमति दी जाए और अन्य समुदायों से बच्चों को गोद लेने पर रोक बनी रहे।
पारसी समुदाय के गोद लेने का नियम अलग
दरअसल, पारसी समुदाय के लिए गोद लेने (अडॉप्शन) का कानूनी पहलू अन्य समुदायों से काफी अलग है। हिंदू, बौद्ध, जैन और सिख समुदाय जहां 'हिंदू दत्तक ग्रहण और भरण-पोषण अधिनियम, 1956' के तहत आते हैं, वहीं पारसियों के पास पूर्ण कानूनी रूप से बच्चे को गोद लेने के लिए कोई अलग पर्सनल लॉ (व्यक्तिगत कानून) मौजूद नहीं है।
अफवाहें फैलाई जा रही है
बॉम्बे पारसी पंचायत के एक पदाधिकारी ने कहा, 'हम यूसीसी से सहमत हैं, सिवाय कुछ बिंदुओं के जहां हमने छूट मांगी है। ऐसी अफवाहें फैलाई जा रही हैं कि हमारा समुदाय यूसीसी के पक्ष में नहीं है या इसका विरोध कर रहा है, लेकिन यह सच नहीं है। हमने सरकार से केवल पारसियों के लिए कुछ अपवादों की मांग की है।'