विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महाराष्ट्र में पेपर लीक करने वालों को होगी 10 साल तक जेल, 10 करोड़ तक जुर्माना लगाने की भी सिफारिश

Published: Tue, 24 Nov 2026 07:18 PM (IST)

महाराष्ट्र सरकार पेपर लीक और भर्ती अनियमितताओं पर लगाम लगाने के लिए वी. राधा समिति की सिफारिशों पर विचार कर रही है।

महाराष्ट्र में पेपर लीक पर 7-10 साल जेल, 10 करोड़ जुर्माना (मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, फाइल फोटो)

महाराष्ट्र में पेपर लीक पर 7-10 साल जेल, 10 करोड़ जुर्माना (मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, फाइल फोटो)

HighLights

  1. पेपर लीक पर 7-10 साल जेल, 10 करोड़ जुर्माना प्रस्तावित

  2. जांच के लिए विशेष कार्यबल, फास्ट ट्रैक कोर्ट का सुझाव

  3. एमपीएससी परीक्षा शुल्क वापसी, आयु सीमा में छूट की सिफारिश

राज्य ब्यूरो, मुंबई। महाराष्ट्र में सरकारी भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक और अनियमितताओं पर लगाम लगाने के लिए राज्य सरकार वरिष्ठ आइएएस अधिकारी वी. राधा की अध्यक्षता में गठित समिति की सिफारिशें लागू करने पर विचार कर रही है।

इसके अनुसार पेपर लीक करने वालों के लिए सात से 10 साल तक की जेल और कम से कम 10 करोड़ रुपये जुर्माना हो सकता है। इस तरह के अपराध में शामिल लोगों की संपत्ति जब्त करने, मामलों की सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक अदालतें गठित करने और जांच के लिए विशेष कार्यबल (एसटीएफ) बनाने का भी प्रस्ताव दिया गया है।

जांच के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट का सुझाव

समिति ने मंगलवार को अपनी दूसरी रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंप दी। इसमें महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (एमपीएससी) की परीक्षाओं में पारदर्शिता और अभ्यर्थियों के हितों की सुरक्षा के लिए भी कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए हैं।

समिति ने सिफारिश की है कि यदि किसी कारण से एमपीएससी की परीक्षा रद होती है तो अभ्यर्थियों को परीक्षा शुल्क पूरी तरह वापस किया जाए। परीक्षा केंद्रों पर पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए समिति ने जिलाधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपने का सुझाव दिया है।

साथ ही परीक्षा केंद्रों का अलग डेटाबेस तैयार करने और 'वेन्यू बैंक' बनाने की सिफारिश की गई है। इससे परीक्षा केंद्रों के चयन, उनकी व्यवस्था और निगरानी में एकरूपता लाई जा सकेगी। पेपर लीक जैसी घटनाओं की जांच के लिए अलग एसटीएफ गठित करने का प्रस्ताव भी दिया गया है।

समिति ने केवल परीक्षा व्यवस्था में सुधार ही नहीं, बल्कि भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी अभ्यर्थियों की मांगों पर भी ध्यान दिया है। एमपीएससी की ग्रुप-सी संयुक्त प्रारंभिक परीक्षा 2026 में रिक्त पदों की संख्या बढ़ाकर 16 हजार से अधिक करने की सिफारिश की गई है।

इसके अलावा सभी भर्ती परीक्षाओं में अधिकतम आयु सीमा में एकमुश्त एक वर्ष की छूट देने का सुझाव भी दिया गया है। बता दें कि एमपीएससी की परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों, पेपर लीक और भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताओं के आरोपों के बीच अभ्यर्थियों ने कई बार आंदोलन किया था।

परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी बनाने की सिफारिशें 

इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए राज्य सरकार ने चार सितंबर को वी. राधा की अध्यक्षता में सात सदस्यीय समिति गठित की थी। समिति ने इसी महीने अपनी अंतरिम रिपोर्ट भी सरकार को सौंपी थी, जिसमें भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और विश्वसनीय बनाने के लिए कई उपाय सुझाए गए थे।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि समिति ने परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी बनाने, परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था सुधारने और पेपर लीक के मामलों में कानून को कठोर करने संबंधी महत्वपूर्ण सिफारिशें की हैं।

सरकार इन सुझावों पर गंभीरता से विचार कर रही है। उन्होंने आगे कहा कि सरकार का प्रयास होगा कि आगामी शीतकालीन सत्र में इस संबंध में विधेयक पेश किया जाए और उसे पारित कराया जाए।

यदि प्रस्तावित प्रावधान कानून का रूप लेते हैं तो महाराष्ट्र में भर्ती परीक्षाओं में धांधली करने वालों के खिलाफ देश के सबसे कठोर दंडात्मक प्रावधानों में से एक लागू हो सकता है। इससे लाखों प्रतियोगी परीक्षार्थियों का परीक्षा व्यवस्था में विश्वास बहाल करने में मदद मिलेगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।