महाराष्ट्र: जलगांव के यजुर्वेंद्र लिख रहे बच्चों का भविष्य, अपना घर बेच कर संवार रहे सैंकड़ों छात्रों का जीवन
जलगांव के यजुर्वेंद्र महाजन ने अपनी पैतृक संपत्ति बेचकर गरीब, अनाथ और दिव्यांग बच्चों को यूपीएससी व एमपीएससी परीक्षाओं के ...और पढ़ें

HighLights
यजुर्वेंद्र महाजन ने पैतृक संपत्ति बेचकर वंचित बच्चों को शिक्षित किया।
दीपस्तंभ फाउंडेशन अनाथ और दिव्यांग छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं हेतु तैयार करता है।
संस्था को 2023 में सर्वश्रेष्ठ NGO का राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त हुआ।
डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र के जलगांव के रहने वाले यजुर्वेंद्र महाजन देश के युवाओं के लिए मिसाल हैं। उनकी निस्वार्थ सेवा कई बच्चों का भविष्य बना रही है। स्वामी विवेकानंद के सिद्धांतों पर चलते हुए महाजन ने अपनी पैतृक संपत्ति (घर और खेत) बेच दी ताकि वे समाज के सबसे पिछड़े, अनाथ और दिव्यांग बच्चों को पढ़ा सकें।
वो बच्चों को यूपीएससी (UPSC) और एमपीएससी (MPSC) जैसी प्रशासनिक परीक्षाओं के लिए मुफ्त शिक्षा देते हैं। उनकी स्टूडेंट में एक छात्रा ने हाल ही में यूपीएससी एक्जाम में सफलता पाई है। उसको सुनने में काफी तकलीफ थी लेकिन यजुर्वेंद्र ने इस कमजोरी से उसे जिदंगी की रेस में पीछे नहीं होने दिया और आज वो सफल हैं। ऐसी कई कहानियां उनके क्लासरूम में मौजूद हैं।
शुरुआत में बेची पैतृक संपत्ति
यजुर्वेंद्र महाजन ने गरीब छात्रों की मदद के लिए अपनी नौकरी छोड़ दी और अपने जलगांव लौट आए। उन्होंने अपने पिता से विरासत में मिला घर और खेत बेचकर एक किराए के मकान में 10 गरीब छात्रों को पढ़ाना शुरू किया। उनकी लगन का नतीजा यह रहा कि अगले ही साल उन सभी 10 छात्रों ने MPSC परीक्षा पास कर ली और क्लास-I व क्लास-II अधिकारी बन गए। इसके बाद उन्होंने वर्ष 2009 में 'दीपस्तंभ फाउंडेशन' (Deepsthamb Foundation) की स्थापना की।
दिव्यांगों और अनाथों के लिए बने सहारा
महाजन ने महसूस किया कि समाज में विशेष आवश्यकता वाले (दिव्यांग) बच्चों और अनाथों के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का कोई बुनियादी ढांचा उपलब्ध नहीं था। उनके इस संस्थान में 21 में से 14 श्रेणियों के दिव्यांग बच्चों को सर्वश्रेष्ठ तकनीक, प्रशिक्षित शिक्षकों और परामर्शदाताओं के माध्यम से पढ़ाया जाता है। केरल की पहली पूर्ण रूप से दृष्टिबाधित महिला जज बनने की राह पर अग्रसर थान्या नाथन (Thanya Nathan) जैसी कई प्रतिभाएं इसी संस्थान की देन हैं।
राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित
लगभग 20 वर्षों तक बिना कोई वेतन लिए इस मिशन में जुटे रहने वाले महाजन के इस असाधारण कार्य के लिए उनके संगठन को वर्ष 2023 में "दिव्यांग व्यक्तियों के सशक्तिकरण के लिए सर्वश्रेष्ठ गैर-सरकारी संगठन (NGO)" का राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिल चुका है। वर्तमान में उनके तीन परिसरों (Campuses) और ऑनलाइन पाठ्यक्रमों के जरिए सैकड़ों वंचित बच्चे अधिकारी, क्लर्क, इंजीनियर और शिक्षक बनने का अपना सपना पूरा कर रहे हैं। महाजन का संकल्प है कि वे अपने जीवन में कम से कम 1 करोड़ बच्चों की मदद कर सकें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।