विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महाराष्ट्र में बारिश के चार दिन, चार हादसे और चार की मौत... पेड़ गिरने से करंट लगने तक BMC की खुली पोल

Published: Fri, 03 Jul 2026 04:59 PM (IST)

महाराष्ट्र में भारी बारिश के कारण चार दिनों में चार अलग-अलग हादसों में चार लोगों की मौत हो गई है।

महाराष्ट्र में बारिश ले रही जान (जागरण)

महाराष्ट्र में बारिश ले रही जान (जागरण)

HighLights

  1. मीरा-भायंदर में पेड़ गिरने से राहुल पाटिल की मौत।

  2. मुंबई में स्कूल बस पर पेड़ गिरने से बच्चे की मौत।

  3. ठाणे में करंट लगने और मैनहोल में गिरने से मौतें।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र में भारी बारिश का कहर जारी है। एक तरफ जहां मानसून लोगों के लिए गर्मी से राहत लेकर आा है, वहीं कुछ परिवारों के लिए ये बारिश काल बनकर आई है। एक के बाद ऐसी कई घटनाएं सामने आई हैं, जिसमें बारिश ने लोगों की जिंदगी को छीन लिया।

ठाणे जिले के मीरा-भायंदर के राय गांव में भारी बारिश के दौरान चलती बाइक पर नारियल का पेड़ गिर गया। इस घटना में 35 वर्षीय मोटरसाइकिल सवार राहुल पाटिल की मौत हो गई।

अधिकारियों ने बताया कि मुर्धागांव के रहने वाले राहुल पाटिल, मीरा-भायंदर नगर परिषद के पूर्व डिप्टी मेयर अशोक पाटिल के बेटे थे।

पूर्व डिप्टी मेयर के बेटे की मौत

अधिकारियों ने बताया कि यह घटना बुधवार, 1 जुलाई की शाम सदानंद नगर इलाके में हुई, जब राहुल बाइक चला रहे थे और अचानक उन पर नारियल का पेड़ गिर गया।

घटना के तुरंत बाद, स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और गिरे हुए पेड़ के नीचे से राहुल को बाहर निकाला। राहुल को पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें गंभीर हालत में इंटेंसिव केयर यूनिट (ICU) में भर्ती कराया गया। अधिकारियों ने बताया कि दो दिन तक राहुल का इलाज चला, लेकिन अब उसकी मौत हो गई।

स्कूल बस पर पेड़ गिरने से 11 साल के बच्चे की मौत

महाराष्ट्र में बारिश से जुड़ी दुर्घटनाओं को लेकर बढ़ती चिंता के बीच राहुल पाटिल की मौत की यह घटना सामने आई है। इससे पहले इसी हफ्ते मुंबई के चेंबूर इलाके में छात्रों को ले जा रही स्कूल बस पर एक पेड़ उखड़कर गिर गया था, जिसमें 11 साल के एक लड़के की मौत हो गई थी और चार अन्य घायल हो गए थे।

यह घटना चेंबूर में रोड नंबर 11 पर हुई थी, जिसमें यूनिवर्सल स्कूल की बस में 13 बच्चे सवार थे। मृतक की पहचान विहान श्रीवास्तव के तौर पर हुई थी।

करंट लगने से 17 साल की लड़की की मौत

ठाणे में बुधवार को एक और हादसा हुआ, जहां भारी बारिश के दौरान बिजली का करंट लगने से 17 वर्षीय आलिया चांदीवाला की मौत हो गई। भारी बारिश के बाद जलभराव से आलिया को करंट लग गया।

मैनहोल में गिरने से व्यक्ति की मौत

गुरुवार को मुंबई में भारी बारिश के दौरान एक खुले मैनहोल में 55 वर्षीय व्यक्ति के गिरने से उसकी मौत हो गई। यह घटना गुरुवार दोपहर करीब 12:30 बजे खैरानी रोड पर हुई।

मृतक की पहचान असलम इसाफ शेख के तौर पर हुई। उन्हें राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

यह भी पढ़ें- महराजगंज में निर्माणाधीन मकान में फंदे से लटका मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस