Maharashtra में सीएम उद्धव ठाकरे ने लगाया नाइट कर्फ्यू, अब ऐसे कटेगी ‘न्यू इयर नाइट’
नववर्ष के आगमन के समय सबसे रंगीन समझी जानेवाली मुंबई की नाइट लाइफ इस बार सूनी-सूनी नजर आएगी। क्योंकि महाराष्ट्र सरकार ने कोविड-19 के कारण 22 दिसंबर 2020 से पांच जनवरी 2021 तक सात घंटे के रात्रि कर्फ्यू का एलान कर दिया है।
राज्य ब्यूरो, मुंबई। नववर्ष के आगमन के समय सबसे रंगीन समझी जानेवाली मुंबई की नाइट लाइफ इस बार सूनी-सूनी नजर आएगी। क्योंकि महाराष्ट्र सरकार ने कोविड-19 के कारण 22 दिसंबर, 2020 से पांच जनवरी, 2021 तक सात घंटे के रात्रि कर्फ्यू का एलान कर दिया है। ये कर्फ्यू महाराष्ट्र के सभी शहरों में लागू होगा। कोरोना वायरस की नई लहर ने यूरोप में भय का वातावरण बना दिया है। महाराष्ट्र के सभी प्रवेश मार्गों तथा दिल्ली एनसीआर सहित राजस्थान, गुजरात एवं गोवा से आनेवाले सभी विमान यात्रियों की विशेष निगरानी पहले से की जा रही है। चूंकि नए साल का जश्न मुंबई में काफी जोर-शोर से मनाया जाता है। अन्य राज्यों से भी लोग नए साल की नाइट लाइफ का आनंद लेने मुंबई आते हैं। हर साल 31 दिसंबर को रात भर मुंबई की सड़कों पर चहल-पहल रहती है। यात्रियों की बढ़ी संख्या को देखते हुए लोकल ट्रेनों की अवधि भी बढ़ा दी जाती है।
इस बार कोविड-19 से सावधानीवश महाराष्ट्र सरकार ने मुंबई सहित राज्य की सभी 27 महानगरपालिकाओं में 22 दिसंबर, 2020 से पांच जनवरी, 2021 तक रात 11 बजे से सुबह छह बजे तक कर्फ्यू की घोषणा कर दी है। इस रात्रि कर्फ्यू की घोषणा मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने आज कोविड-19 की स्थिति की समीक्षा बैठक के बाद की।
बैठक के बाद ठाकरे ने कहा कि इंग्लैंड में नया वायरस अपने खतरनाक प्रभाव दिखा रहा है। इसकी मारक क्षमता का अंदाजा अगले कुछ दिनों में लगेगा। इसलिए अगले 15 दिन तक हमें अपनी सावधानी में कोई कमी नहीं करनी चाहिए। ठाकरे ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को यूरोप से आने वाले नए वायरस से संक्रमित लोगों के इलाज के लिए विशेष अस्पताल तैयार रखने के निर्देश दिए हैं।
बता दें कि यूरोप एवं मध्यपूर्व के देशों से आनेवालों को महाराष्ट्र में 14 दिनों तक संस्थागत क्वारंटाइन में एवं अन्य देशों से आनेवाले लोगों को अपने घरों पर क्वारंटाइन में रहना होगा।