महाराष्ट्र में 15 अक्टूबर से चलेगी मेट्रो, पब्लिक लाइब्रेरी भी खुलेगी
Maharashtra Government महाराष्ट्र सरकार ने मिशन बिगिन अगेन के तहत वीरवार से मेट्रो रेल को शुरू करने की अनुमति दे दी है। साथ ही सरकारी और निजी पुस्तकालयों को खोलने की भी अनुमति दी है। साप्ताहिक बाजार भी खुलेंगे।
मुंबई, एएनआइ। महाराष्ट्र सरकार ने वीरवार से मेट्रो रेल को शुरू करने की अनुमति दे दी है। साथ ही, सरकारी और निजी पुस्तकालयों को खोलने की भी अनुमति दी है। साप्ताहिक बाजार भी खुलेंगे। 19 अक्टूबर से मुंबई मेट्रो यात्रियों के लिए फिर से शुरू होगी। मिशन बिगिन अगेन के तहत प्रदेश के स्कूलों में 15 अक्टूबर से 50 फीसद शिक्षकों की उपस्थिति की अनुमति दी गई है। हालांकि 31 अक्टूबर तक सभी स्कूलों को बंद करने का फैसला किया गया है। इसके तहत 15 अक्टूबर से मेट्रो के संचालन समेत अन्य फैसले हुए हैं। हाराष्ट्र में भी दिल्ली की तर्ज पर ही मेट्रो रेल के संचालन के नियमों का पालन किया जाएगा। इस संबंध में एक एसओपी जल्द ही जारी हो होगा। मेट्रो संचालन की एसओपी को महाराष्ट्र का शहरी विकास विभाग जारी करेगा।
मेट्रो रेल के संचालन के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग, सैनिटाइजेशन समेत नियमों का पूरा ध्यान रखना होगा। मेट्रो का संचालन किस फ्रीक्वेंसी में होगा, इसे लेकर भी जल्द विस्तृत सूचना दे दी जाएगी। महाराष्ट्र से पहले उत्तर प्रदेश और दिल्ली में मेट्रो रेल सेवाओं की शुरुआत हो चुकी है। महाराष्ट्र में 15 अक्टूबर से ही पब्लिक लाइब्रेरी को भी खोला जाएगा। सभी पब्लिक लाइब्रेरी में लोगों के लिए मास्क पहनने की अनिवार्यता रखी गई है। इसे लेकर भी एक आदेश वीरवार को जारी किया जाएगा। नियमों के अनुसार, पब्लिक लाइब्रेरी में सोशल डिस्टेंसिंग और सैनिटाइजेशन का पूरा इंतजाम कराना अनिवार्य होगा।
नए नियमों के बावजूद महाराष्ट्र में फिलहाल किसी राजनीतिक कार्यक्रम की इजाजत नहीं दी जाएगी। वैवाहिक समारोहों या अंतिम यात्राओं में 50 लोगों को ही शामिल होने की अनुमति दी जाएगी। 15 अक्टूबर के बाद महाराष्ट्र में स्थानीय बाजारों को भी खोलने की इजाजत दी गई है। कंटेनमेंट जोन में आने वाले बाजार फिलहाल बंद रहेंगे।