दीवाली से पहले महाराष्ट्र FDA की बड़ी कार्रवाई, एक्सपायरी मिठाइयों का जखीरा जब्त; 34 आरोपी गिरफ्तार
महाराष्ट्र FDA ने त्योहारों के मौसम में मिलावटी और एक्सपायरी खाद्य पदार्थों के गोरखधंधे का भंडाफोड़ किया है, जिसमें करोड़ों का माल जब्त कर 34 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

दीवाली से पहले महाराष्ट्र FDA की बड़ी कार्रवाई।
HighLights
FDA ने एक्सपायरी फूड रीपैकेजिंग रैकेट का भंडाफोड़ किया।
करोड़ों का सड़ा स्टॉक जब्त, 34 आरोपी गिरफ्तार हुए।
मिठाइयों पर एक्सपायरी डेट अनिवार्य, कृत्रिम रंगों से बचें।
डिजिटल डेस्क, मुंबई। त्योहारों के इस सीजन में बाजारों में मिठाइयों और स्नैक्स की मांग तेजी से बढ़ जाती है, लेकिन इसी चमक-दमक के पीछे मिलावट और सेहत से खिलवाड़ का काला सच भी सामने आ रहा है।
महाराष्ट्र के फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने एक ऐसा सनसनीखेज खुलासा किया है, जिसे जानकर आप भी हैरान रह जाएंगे। महाराष्ट्र FDA ने भिवंडी, अंबरनाथ और पडघा के कुछ गोदामों पर छापेमारी कर एक बड़ा खेल पकड़ा है।
कैसे होता था खेल?
FDA कमिश्नर तुकाराम मुंडे के मुताबिक, करीब डेढ़ महीने की निगरानी के बाद यह बात सामने आई कि इन गोदामों में एक्सपायरी फूड को कागजों पर तो नष्ट दिखाया जाता था, लेकिन असलियत में उसे चुपचाप दोबारा पैक करके फिर से बाजार में बेचने के लिए भेज दिया जाता था।
करोड़ों का माल जब्त और 34 गिरफ्तार
इस खुलासे के बाद FDA ने तीनों इलाकों में 10 बड़ी जगहों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान करोड़ों रुपये का सड़ा हुआ और खराब स्टॉक जब्त किया गया, साथ ही इस गोरखधंधे में शामिल 34 आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया है।
इसके अलावा, FDA ने पूरे राज्य के सभी कमर्शियल वेयरहाउस और कोल्ड स्टोरेज के लिए सख्त आदेश जारी किए हैं ताकि कोई भी खाने की अयोग्य चीज रीपैकेजिंग के जरिए उपभोक्ताओं तक न पहुंच सके।
मिलावटी और रंग-बिरंगी मिठाइयों पर FDA की सख्त चेतावनी
इतना ही नहीं दीवाली की मिठाइयों को लेकर FDA कमिश्नर तुकाराम मुंडे ने लोगों को खास चेतावनी दी है। FDA के अनुसार अब मिठाइयों और फेस्टिव स्नैक्स पर एक्सपायरी डेट लिखना पूरी तरह से अनिवार्य कर दिया गया है। नियमों का पालन न करने वालों के खिलाफ FDA ने पहले ही कार्रवाई शुरू कर दी है।
ज्यादा रंग वाली मिठाइयों से बचें
कमिश्नर ने लोगों को सलाह दी है कि वे कृत्रिम रंगों से भरी मिठाइयों से दूर रहें। खासकर, उपभोक्ताओं को विशेष रूप से ज्यादा रंगे हुए मोतीचूर के लड्डुओं को न खाने की सलाह दी गई है।
आम जनता के लिए जरूरी सलाह
गौरतलब है कि त्योहारों की इस भारी भीड़ और भागदौड़ में खरीदारी करते वक्त थोड़ी सी सावधानी जरूर बरतें। इसके तहत कोई भी मिठाई या खाने की चीज खरीदने से पहले उसकी एक्सपायरी डेट जरूर जांच लें। इसके अलावा बहुत ज्यादा चमकीले या कृत्रिम रंगों वाली मिठाइयां खरीदने से बचें, क्योंकि ये आपकी सेहत को गंभीर नुकसान पहुंचा सकती हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।