विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महाराष्ट्र: सूखा ग्रस्त किसानों पर वसूली का दबाव डालने वाली फाइनेंस कंपनियों के कार्यालय में तोड़फोड़

Published: Mon, 02 Nov 2026 08:26 PM (IST)

महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में सूखे से प्रभावित किसानों पर कर्ज वसूली के दबाव के खिलाफ क्रांतिकारी शेतकरी संगठन ने श्रीराम फाइनेंस और बजाज फाइनेंस के कार्यालयों में तोड़फोड़ की।

महाराष्ट्र में कर्ज वसूली पर बवाल।

महाराष्ट्र में कर्ज वसूली पर बवाल।

HighLights

  1. नांदेड़ में फाइनेंस कंपनियों के कार्यालयों में तोड़फोड़।

  2. सूखे से प्रभावित किसानों पर कर्ज वसूली का दबाव।

  3. क्रांतिकारी शेतकरी संगठन ने किया विरोध प्रदर्शन।

राज्य ब्यूरो, मुंबई। महाराष्ट्र में सूखे की मार झेल रहे किसानों पर कर्ज वसूली के कथित दबाव को लेकर सोमवार को नांदेड़ जिले के लोहा में हंगामा हुआ। क्रांतिकारी शेतकरी संगठन के कार्यकर्ताओं ने श्रीराम फाइनेंस और बजाज फाइनेंस के कार्यालयों में तोड़फोड़ की। संगठन का आरोप है कि निजी फाइनेंस कंपनियों के रिकवरी एजेंट किसानों को कर्ज चुकाने के लिए प्रताड़ित कर रहे हैं।

संगठन के जिला प्रमुख बालासाहेब जाधव ने बताया कि किसानों की शिकायतों पर संगठन के पदाधिकारी दोनों कंपनियों के कार्यालय पहुंचे थे। अधिकारियों के जवाब से असंतुष्ट होने पर कुछ कार्यकर्ताओं ने डंडों से दरवाजे, टेबल, कंप्यूटर और अन्य फर्नीचर तोड़ दिए। घटना के दौरान कार्यालयों में मौजूद कर्मचारी बाहर निकल गए।

जाधव ने आरोप लगाया कि रिकवरी एजेंट सुबह आठ बजे से ही गांवों में पहुंचकर किसानों पर वसूली का दबाव बनाते हैं। उत्पीड़न से परेशान कुछ ग्रामीण घर छोड़ने को मजबूर हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि वसूली का यही तरीका जारी रहा तो संगठन आंदोलन तेज करेगा और कंपनियों के कार्यालयों में आग लगाने से भी पीछे नहीं हटेगा। सहायक पुलिस निरीक्षक आदित्य घोडके ने बताया कि दोनों कंपनियों की शिकायत मिलने पर मामले में कार्रवाई की जाएगी।

बता दें कि कर्ज वसूली का विवाद नांदेड़ के किसान चंद्रकांत शिंदे और लातूर के दत्तात्रेय कुंभार की मौत के बाद और गहराया है। शिंदे पिछले महीने एक फाइनेंस कंपनी के कार्यालय में मृत मिले थे। इस मामले में अपहरण और हत्या का केस दर्ज कर कंपनी से जुड़े कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

वहीं, कुंभार 26 अक्टूबर को अंकुलगा रानी गांव स्थित अपने घर में फंदे से लटके मिले थे। पुलिस के अनुसार, वह निजी फाइनेंस कंपनियों के कर्ज का भुगतान नहीं कर पाने से परेशान थे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।