महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव: मतदान रिकॉर्ड पर भ्रामक रिपोर्ट को आयोग ने किया खारिज
महाराष्ट्र के मुख्य चुनाव अधिकारी कार्यालय ने 2024 विधानसभा चुनाव में शाम 5 बजे के बाद के मतदाताओं के रिकॉर्ड न होने की मीडिया रिपोर्ट को भ्रामक और निराधार बताया है।
-1795456976903_m.webp)
महाराष्ट्र सीईओ ने भ्रामक मतदाता रिकॉर्ड रिपोर्ट को खारिज किया (फाइल फोटो)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्य चुनाव अधिकारी (सीईओ) के कार्यालय ने उस मीडिया रिपोर्ट को भ्रामक, झूठा एवं निराधार बताया है जिसमें दावा किया गया था कि 2024 के विधानसभा चुनाव में 288 में से 200 सीटों पर शाम पांच बजे के बाद मतदान करने वाले मतदाताओं का कोई रिकार्ड चुनाव आयोग के पास नहीं था।
सीईओ कार्यालय ने 20 नवंबर को 'द रिपोर्टर्स कलेक्टिव' को लिखे पत्र में कहा कि उसकी खबर तथ्यात्मक गलतियों पर आधारित थी और उसमें वैधानिक रिकार्ड्स एवं चुनाव की स्थापित प्रक्रियाओं की अनदेखी की गई थी। 'द रिपोर्टर्स कलेक्टिव' पत्रकारों का एक समूह है, जो राजनीतिक अर्थव्यवस्था और शासन से जुड़ी खबरें प्रकाशित करता है।
पत्र में सीईओ कार्यालय ने कहा कि 285 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान 20 नवंबर, 2024 को सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक हुआ था, जबकि गढ़चिरौली जिले की तीन विधानसभा सीटों पर मतदान दोपहर तीन बजे समाप्त हो गया था।
रिटर्निंग आफिसर्स (आरओ) ने ईसीआइ के एन्कोर साफ्टवेयर के जरिये शाम पांच बजे तक हर दो घंटे में मतदान प्रतिशत दर्ज किया था। ये आंकड़े वोटर टर्नआउट मोबाइल एप्लिकेशन पर प्रकाशित किए गए थे।
मतदान समाप्त होने के बाद अनुमानित आंकड़े जारी किए गए थे। इसके बाद पीठासीन अधिकारियों के रिकार्ड के आधार पर अंतिम और सटीक आंकड़े तैयार किए गए और एप्लिकेशन पर अपलोड किए गए।
निर्वाचन क्षेत्रवार मतदाताओं, ईवीएम के जरिये दर्ज वोटों और डाक मतपत्रों का विवरण देने वाले सत्यापित इंडेक्स कार्ड नतीजों की घोषणा के 72 घंटों के भीतर ईसीआई की वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए गए थे।
पत्र में स्पष्ट किया गया कि पीठासीन अधिकारियों की ओर से फोन पर रिटर्निंग आफिसर्स को हर दो घंटे में दी जाने वाली मतदान संबंधी जानकारी प्रारंभिक अनुमान थी।
मतदान समाप्त होने पर मतदाताओं की सटीक संख्या प्रपत्र 17-सी के भाग-एक में दर्ज की गई थी। प्रपत्रों की प्रतियां बूथों पर मौजूद मतदान एजेंटों को दी गई थीं।
सीईओ कार्यालय ने कहा कि मतदान के आंकड़े प्रपत्र 17-सी और इंडेक्स कार्ड जैसे सत्यापन योग्य दस्तावेजों में दर्ज थे। चूंकि आरओ की रिपोर्ट में सिर्फ शाम पांच बजे तक के आंकड़े मांगे गए थे, लेकिन इसके बाद पड़े वोटों की गणना कुल दर्ज वोटों के आधार पर की जा सकती थी।
कतारों में इंतजार कर रहे मतदाताओं को जारी की गईं पर्चियों का विवरण पीठासीन अधिकारियों की डायरियों में दर्ज था। आरओ समरी में इसका उल्लेख न होना रिकार्ड रखने में किसी चूक का संकेत नहीं था।
(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।