यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 29, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
पाकिस्तान को खुफिया जानकारी दे रहा था इंजीनियर, नौसेना के जहाज पर करता था काम; पाकिस्तान ने हनीट्रैप में कैसे फंसाया?
Pakistan Spy Arrest महाराष्ट्र पुलिस के आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने ठाणे निवासी एक व्यक्ति को पाकिस्तान के लिए जासूसी ...और पढ़ें

राज्य ब्यूरो, मुंबई। महाराष्ट्र के आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने एक रक्षा प्रौद्योगिकी कंपनी में जूनियर इंजीनियर के तौर पर काम करने वाले ठाणे के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। वह एक पाकिस्तानी खुफिया एजेंट को संवेदनशील जानकारियां उपलब्ध करा रहा था।
बताया जा रहा है कि पाकिस्तानी खुफिया एजेंट ने उसे इंटरनेट मीडिया पर हनीट्रैप में फंसाया था। एक अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि 27 वर्षीय आरोपित रवींद्र मुरलीधर वर्मा ठाणे शहर के कलवा का निवासी है। वह रक्षा प्रौद्योगिकी से जुड़ी एक कंपनी में जूनियर इंजीनियर के रूप में काम कर रहा था।
पाकिस्तानी एजेंट ने फंसाया
कंपनी के कर्मचारी के तौर पर उसे दक्षिण मुंबई में नौसेना डॉकयार्ड में प्रवेश की अनुमति थी और वह नौसेना के जहाजों पर काम करता था। पुलिस के अनुसार एक पाकिस्तानी एजेंट ने फेसबुक पर महिला बनकर उससे दोस्ती की और अपने जाल में फंसाया। जांच अधिकारी के अनुसार इसके बाद वर्मा नवंबर 2024 से मार्च 2025 तक व्हाट्सएप के माध्यम से 'पाकिस्तान इंटेलिजेंस ऑपरेटिव' (पीआईओ) के साथ एक महत्वपूर्ण प्रतिष्ठान के बारे में संवेदनशील जानकारियां साझा करता रहा।
इस बात की गुप्त सूचना मिलने के बाद एटीएस की ठाणे इकाई ने बुधवार को वर्मा को हिरासत में ले लिया। उसके और उसके संपर्क में रहे दो अन्य व्यक्तियों के विरुद्ध जासूसी से संबंधित सरकारी गोपनीयता अधिनियम की धारा 3 और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 61 (2) (आपराधिक साजिश) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पूछताछ के बाद वर्मा को अपराध में कथित संलिप्तता के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। गुरुवार को उसे अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे सोमवार तक एटीएस की हिरासत में भेज दिया है। एटीएस उसके मोबाइल फोन और उन गैजेट्स की जांच कर रही है जिनका इस्तेमाल पीआईओ के साथ इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए महत्वपूर्ण जानकारी साझा करने में किया गया है।
