विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महाराष्ट्र के सातारा में अदाणी के 5675 करोड़ के प्रोजेक्ट पर लगा ब्रेक, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने रुकवाया काम

Published: Sun, 22 Nov 2026 01:38 PM (IST)

महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने सतारा के सावरघर में अदाणी ग्रीन एनर्जी के तराली पंप स्टोरेज प्रोजेक्ट का काम रोक दिया है। कंपनी पर बिना पर्यावरण मंजूरी और बोर्ड की अनुमति के खुदाई व निर्माण कार्य शुरू करने का आरोप है।

महाराष्ट्र में अदाणी के तराली प्रोजेक्ट पर ब्रेक (तस्वीर-सोशल मीडिया File Photo)

महाराष्ट्र में अदाणी के तराली प्रोजेक्ट पर ब्रेक (तस्वीर-सोशल मीडिया File Photo)

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (MPCB) ने अडाणी ग्रीन एनर्जी की सहयोगी कंपनी 'अदाणी रिन्यूएबल एनर्जी वन लिमिटेड' को बड़ा झटका दिया है। बोर्ड ने सातारा जिले के पाटण तहसील स्थित सावरघर गांव में चल रही खुदाई और निर्माण कार्य को तुरंत रोकने का आदेश दिया है। यह काम 5675 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 1500 मेगावाट के तराली पंप स्टोरेज प्रोजेक्ट से जुड़ा है।

मामले में कंपनी का कहना था कि उसने सावरघर में निजी जमीन खरीदी है, जहां प्रोजेक्ट के मजदूरों के रहने के लिए अस्थायी कैंप और सामान रखने की जगह बनाई जा रही थी। लेकिन 20 नवंबर को एमपीसीबी के क्षेत्रीय अधिकारी किरण हसबनिस द्वारा जारी नोटिस में कहा गया कि कंपनी ने बोर्ड को बिना बताए और जरूरी पर्यावरण मंजूरी (EC) लिए बिना ही सर्वे नंबर 33 और 34 पर खुदाई शुरू कर दी थी।

कैसे सामने आया मामला?

बता दें कि यह कार्रवाई मानद वन्यजीव वार्डन रोहन भाटे की शिकायत के एक दिन बाद हुई। उन्होंने 19 नवंबर को बोर्ड को पत्र लिखकर सावरघर में हो रही अवैध खुदाई की जांच की मांग की थी।

भाटे ने बताया कि केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय ने पिछले साल 11 फरवरी को जो मंजूरी दी थी, उसमें प्रभावित गांवों की सूची में सावरघर का नाम ही नहीं था। उसमें केवल निवड़े, तोंडोशी, कलंबे और जालू गांव शामिल थे।

नियमों की अनदेखी पर सख्त चेतावनी

इसके साथ ही एमपीसीबी के उप-क्षेत्रीय अधिकारी अमोल सातपुते की जांच रिपोर्ट में सामने आया कि साइट पर वायु और जल प्रदूषण रोकने के लिए कोई इंतजाम नहीं किए गए थे। बोर्ड ने साफ कहा है कि बिना पूर्व अनुमति के अब कोई भी काम दोबारा शुरू न किया जाए, वरना कंपनी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कंपनी ने रोका काम, वन विभाग भी कर चुका है कार्रवाई

दूसरी ओर आदेश के बाद अदाणी समूह के प्रवक्ता ने कहा कि कंपनी बोर्ड को अपना जवाब सौंप रही है और फिलहाल अस्थायी निर्माण कार्य रोक दिया गया है। अधिकारियों ने शनिवार को मौके का मुआयना कर पुष्टि की कि काम बंद है। गौरतलब है कि इससे पहले 13 नवंबर को सातारा वन विभाग ने भी राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड (NBWL) की मंजूरी के बिना काम शुरू करने पर कंपनी को कारण बताओ नोटिस जारी कर काम रोकने को कहा था।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।