महाराष्ट्र: उम्रकैद की सजा मिलने के कुछ ही पल बाद कोर्ट की पांचवीं मंजिल से लगाई छलांग, मौत
हत्या और हत्या के प्रयास में उम्रकैद की सजा मिलने के बाद 34 वर्षीय नागेश बाबू लाड ने नवी मुंबई की बेलापुर कोर्ट की पांचवीं मंजिल से छलांग लगा दी।
-1795472306854_m.webp)
HighLights
उम्रकैद की सजा मिलने के तुरंत बाद दोषी ने छलांग लगाई।
नवी मुंबई की बेलापुर कोर्ट की पांचवीं मंजिल से कूदा।
गंभीर चोटों के कारण अस्पताल में उसे मृत घोषित किया।
डिजिटल डेस्क, नवी मुंबई। हत्या और हत्या के प्रयास के मामलों में उम्रकैद की सजा मिलने के तुरंत बाद 34 वर्षीय नागेश बाबू लाड ने बेलापुर कोर्ट की पांचवीं मंजिल से छलांग लगा दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि गंभीर रूप से घायल दोषी को तुरंत नवी मुंबई के अपोलो अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, नेरुल पुलिस ने 2019 में नागेश बाबू लाड को हत्या और हत्या के प्रयास के आरोप में गिरफ्तार किया था। सोमवार को दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद जज प्रसन्न चंदगुडे की अदालत ने नागेश को दोषी करार दिया और उसे उम्रकैद की सजा सुनाई।
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस सूत्रों के अनुसार, फैसला सुनते ही नागेश सदमे में आ गया। कोर्ट रूम से बाहर निकलने के कुछ ही पल बाद उसने अचानक इमारत की पांचवीं मंजिल से छलांग लगा दी। ऊंचाई से गिरने के कारण उसे गंभीर चोटें आईं।
इस दौरान कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी उसे तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
(समाचार एजेंसी एएनआई के इनपुट के साथ)