मुंबई: बकरीद पर हाउसिंग सोसायटियों में खुले में पशु वध पर लगे रोक, किरीट सोमैया ने BMC कमिश्नर को पत्र लिख की मांग
भाजपा के पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने मुंबई में बकरीद के दौरान रिहायशी इलाकों में खुले में पशु वध पर रोक लगाने की मांग की है।

बकरीद पर रिहायशी इलाकों में खुले में पशु वध पर रोक लगाने की मांग
HighLights
किरीट सोमैया ने खुले में पशु वध पर रोक की मांग की।
बीएमसी आयुक्त को पत्र लिखकर सख्त कार्रवाई का आग्रह किया।
गंदगी, प्रदूषण और पशु क्रूरता रोकने पर जोर दिया।
राज्य ब्यूरो, मुंबई। भाजपा के पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने बकरीद के दौरान मुंबई के रिहायशी इलाकों, हाउसिंग सोसायटियों, चॉल और सार्वजनिक स्थानों पर खुले में पशुओं के अवैध वध पर रोक लगाने की मांग की है।
इस संबंध में उन्होंने चार नवंबर को बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) आयुक्त अश्विनी भिड़े को पत्र लिखकर सख्त दिशा-निर्देश जारी करने और उनका प्रभावी ढंग से पालन कराने का आग्रह किया है।
सोमैया ने पत्र में कहा है कि वह पिछले दो वर्षों से इस मुद्दे को लेकर महानगरपालिका का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद शिवाजीनगर, गोवंडी, मानखुर्द, कुर्ला, मालवणी, भायखला, भेंडी बाजार, विक्रोली पार्क साइट, घाटकोपर पश्चिम, मुंबादेवी और गोलदेवल सहित कई इलाकों में खुले स्थानों पर पशुओं का वध किया जाता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय निवासियों की शिकायतों पर महानगरपालिका के अधिकारी अक्सर अनदेखी करते हैं और गैरजिम्मेदाराना जवाब देते हैं। सोमैया ने कहा कि आवासीय परिसरों और चॉल में खुले में पशु वध की अनुमति नहीं दी जा सकती।
यदि मुस्लिम समुदाय के लोग धार्मिक परंपरा के तहत कुर्बानी करना चाहते हैं तो महानगरपालिका को आसपास के बाजारों में निर्धारित दुकानें, स्टाल या अन्य स्थान उपलब्ध कराने चाहिए। उनका दावा है कि मुंबई में रिहायशी इलाकों के आसपास ऐसे बाजार स्थलों की कमी नहीं है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोग जानबूझकर खुले में पशु वध कर हिंदुओं को डराने-धमकाने का प्रयास करते हैं। ऐसे मामलों में पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही मुस्लिम धर्मगुरुओं और कलाकारों के माध्यम से जनजागरूकता अभियान चलाने का सुझाव दिया है।
सोमैया ने एक्स पर पत्र साझा करते हुए अभिनेत्री दीया मिर्जा, नसीरुद्दीन शाह, आमिर खान, शाहरुख खान, सलमान खान और शबाना आजमी जैसी हस्तियों से भी इस मुद्दे पर जागरूकता फैलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि खुले में पशु वध से गंदगी, दुर्गंध, जल प्रदूषण और पशु क्रूरता की समस्या पैदा होती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।