विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पुणे हत्याकांड मामले में फास्ट ट्रैक कोर्ट में होगी सुनवाई, केतन के पिता बोले- इन्हें मौत की सजा दो

Published: Fri, 26 Jun 2026 09:19 PM (IST)

महाराष्ट्र सरकार ने पुणे के कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या के मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने का फैसला ...और पढ़ें

फास्ट-ट्रैक कोर्ट में होगी केतन-सिया केस की सुनवाई (जागरण)

फास्ट-ट्रैक कोर्ट में होगी केतन-सिया केस की सुनवाई (जागरण)

HighLights

  1. केतन अग्रवाल हत्याकांड फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलेगा, सरकार का फैसला।

  2. उज्ज्वल निकम विशेष लोक अभियोजक नियुक्त, पुणे पुलिस का प्रतिनिधित्व करेंगे।

  3. मुख्यमंत्री फडणवीस ने घटना को भयावह बताया, त्वरित जांच का आश्वासन।

राज्य ब्यूरो, मुंबई। पुणे के कारोबारी केतन अग्रवाल की उनकी मंगेतर और उसके प्रेमी द्वारा लोनावला के लोहगढ़ किले से फेंककर हत्या किए जाने के मामले को महाराष्ट्र सरकार ने त्वरित अदालत में चलाने का फैसला किया है। भाजपा के राज्यसभा सदस्य और वरिष्ठ वकील उज्ज्वल निकम को इस मामले में विशेष लोक अभियोजक नियुक्त किया गया है।

मुख्यमंत्री कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार निकम ने ट्रायल कोर्ट में पुणे ग्रामीण पुलिस का प्रतिनिधित्व करने के लिए अपनी सहमति दे दी है।

केतन के पिता विशाल अग्रवाल समेत उनके परिवार के सदस्यों ने शुक्रवार को  मुख्यमंत्री के पुणे दौरे के दौरान महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की।

अग्रवाल परिवार से मुलाकात के बाद, फडणवीस ने इस घटना को बेहद चौंकाने वाला बताया। मुख्यमंत्री ने कहा, 'यह एक बेहद भयावह घटना है, जिसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती। शिक्षित और संपन्न परिवारों के बच्चे ऐसी द्वेषपूर्ण और विनाशकारी सोच क्यों विकसित कर लेते हैं? इस मानसिकता के पीछे क्या कारण हैं? हमें इस पर गहराई से विचार करने की आवश्यकता है।'

मुख्यमंत्री के अनुसार, इस मामले को केवल एक अपराध के रूप में नहीं, बल्कि सामाजिक परिप्रेक्ष्य से भी देखा जाना चाहिए।

सीएम फडणवीस ने कहा कि समाज को यह विचार करना चाहिए कि किस प्रकार का वातावरण और व्यवस्था बनाई जानी चाहिए, ताकि बच्चों में इतनी कम उम्र में इस प्रकार के क्रूर और प्रतिशोध से प्रेरित विचार विकसित न हों। यह घटना वास्तव में बेहद चौंकाने वाली है।

पीड़ित के पिता विशाल अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री ने उनकी बात ध्यानपूर्वक सुनी। उन्होंने मामले की त्वरित जांच कराने का आश्वासन दिया है। अग्रवाल ने आगे कहा कि उन्हें लगता है कि हत्या में और भी लोग शामिल हो सकते हैं, इसलिए इसकी गहन जांच होनी चाहिए।

विशाल अग्रवाल ने कहा कि मैंने मुख्यमंत्री से अपील की है कि आरोपियों को मौत की सजा दी जाए। मुझे बताया गया है कि इस मामले में एक विशेष जांच समिति (एसआईटी) का गठन किया गया है।

बालों में विग लगाने के लिए ले ली जान?

इस मामले में मृतक केतन अग्रवाल द्वारा अपने सिर में बालों का पैच लगाना भी सिया को उसे नापसंद करने का कारण बताया जा रहा है। कहा जा रहा है कि लड़के ने बालों का पैच लगाया हुआ था जो सिया गोयल को पसंद नहीं था।

इस बारे में पूछे जाने पर उसके पिता ने कहा कि हमने उन्हें (सिया गोयल के परिवार को) स्पष्ट कर दिया था कि केतन अपने सिर पर विग का एक छोटा सा पैच लगाता है। क्या यह किसी की हत्या करने का कारण हो सकता है ? मेरी जानकारी के अनुसार, सिया ट्रेक पर जाना चाहती थी, मेरा बेटा नहीं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार लोनावला ग्रामीण पुलिस स्टेशन की हिरासत में मौजूद आरोपित सिया गोयल (20) और उसके प्रेमी चेतन चौधरी (22) ने केतन अग्रवाल (26) की हत्या कबूल कर ली है।

हालांकि वे एक-दूसरे पर दोष मढ़ते नजर आ रहे हैं। वहीं, सिया के भाई साहिल गोयल से पुलिस स्टेशन में पूछताछ की जा रही है। परिवार के अन्य सदस्यों को भी पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा।

'अगर सिया दोषी है तो उसे उसी जगह से नीचे फेंक दो'

अपनी पहली प्रतिक्रिया में, सिया गोयल के माता-पिता - प्रवीण और पूजा ने उसका जोरदार बचाव किया। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि अगर उनकी बेटी दोषी पाई जाती है तो उसे उसी चट्टान से नीचे फेंक दिया जाना चाहिए।

प्रवीण गोयल को फिलहाल पुणे शहर के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ दिन पहले उनकी बेटी की गिरफ्तारी के बाद वह बेहोश हो गए थे।

प्रवीण गोयल ने कहा कि हमें चेतन चौधरी के साथ सिया के किसी भी तरह के संबंध की कोई जानकारी नहीं है। सिया एक सीधी-सादी लड़की है। इतनी कम उम्र की लड़की ऐसा कैसे कर सकती है ?

चेतन के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि हमने उसका नाम तक नहीं सुना है। मुझे नहीं पता कि उसका नाम कैसे सामने आया। मैं उसके बारे में कुछ नहीं जानता।  मैंने उसका चेहरा कभी नहीं देखा, न ही मैंने कभी उससे बात की है।

केतन के बारे में सिया के पिता ने कहा कि केतन के परिवार वाले बहुत अच्छे और संस्कारी लोग हैं। हमारे परिवार एक-दूसरे को लंबे समय से जानते थे। हमारे घर का जीर्णोद्धार चल रहा है।

सिया के पिता ने बताया, 'केतन अक्सर आकर पापा जी पापा जी कहता था। हमने एक बेटे और एक खूबसूरत रिश्ते को खो दिया है। जांच होगी। जांच होने दीजिए। मैं बस यही चाहता हूं कि जो भी नतीजा निकले, उस पर भरोसा किया जाए और दोषी को सजा मिले।'

प्रवीण गोयल ने आगे कहा कि अगर मेरी बेटी इसमें शामिल है, तो उसे भी (लोहागढ़ किले से) फेंक देना चाहिए। मैं चाहता हूं कि उचित जांच हो और दोषियों को सजा मिले।

जब यह बताया गया कि सिया ने केतन को बताया था कि वह शादी के लिए इच्छुक नहीं है तो उन्होंने कहा कि ऐसे में यह बात लड़के को अपने माता-पिता को बताना चाहिए था। उनके माता-पिता हमसे बात कर सकते थे तो हमें आज यह दिन नहीं देखना पड़ता।

सिया की मां पूजा गोयल ने कहा कि अगर मेरी बेटी दोषी है, तो उसे उसी जगह से नीचे ढकेल देना चाहिए। इस मामले में हम बिल्कुल स्पष्ट हैं।

सिया की मां ने कहा कि सिया और केतन की शादी को लेकर उन्हें बहुत उम्मीदें थीं। दोनों परिवार खुश थे। सिया ने इस शादी को लेकर कभी कोई नाराजगी नहीं जताई थी। सगाई के बाद से ही वह सिर्फ केतन से बात करती थी।

पूजा गोयल ने बताया कि शादी के लिए उन्होंने उदयपुर में अनंत रिसॉर्ट बुक किया था। इसका खर्च तीन  करोड़ रुपए था और शादी पर हमें पांच करोड़ रुपये खर्च करने थे।

यह भी पढ़ें- केतन हत्याकांड: वकील उज्ज्वल निकम लड़ेंगे पीड़ित परिवार का केस, CM फडणवीस ने किया एलान