विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

48वें जमनालाल बजाज पुरस्कार: गांधीवादी विचारों से समाज बदलने वाले चार योद्धा सम्मानित

Published: Thu, 26 Nov 2026 10:30 PM (IST)

48वें जमनालाल बजाज पुरस्कार 2026 से चार गांधीवादी व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने सामाजिक बदलाव और वंचितों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाए। 

गांधीवादी मूल्यों को जमीन पर उतारने वाले चार ‘योद्धाओं’ को जमनालाल बजाज पुरस्कार।

गांधीवादी मूल्यों को जमीन पर उतारने वाले चार ‘योद्धाओं’ को जमनालाल बजाज पुरस्कार।

HighLights

  1. 48वें जमनालाल बजाज पुरस्कार 2026 से चार व्यक्तित्व सम्मानित।

  2. भूटान की राजकुमारी ने मुंबई में विजेताओं को पुरस्कार दिए।

  3. विजेताओं ने गांधीवादी मूल्यों से सामाजिक बदलाव लाए।

राज्य ब्यूरो, मुंबई। गांधीवादी विचारों को सामाजिक बदलाव का माध्यम बनाकर समाज के वंचित वर्गों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाले चार व्यक्तित्वों को 48वें जमनालाल बजाज पुरस्कार 2026 से सम्मानित किया गया। मुंबई में आयोजित समारोह में भूटान की हर रायल हाइनेस प्रिंसेस सोनम देचान वांगचुक ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए।

बजाज समूह के 100 वर्ष और जमनालाल बजाज फाउंडेशन के 50वें वर्ष के अवसर पर बुधवार को आयोजित इस समारोह में विजेताओं को प्रशस्ति-पत्र, ट्राफी और 20 लाख रुपये की नकद राशि प्रदान की गई।

अंतरराष्ट्रीय विजेता को इसके बराबर की राशि विदेशी मुद्रा में प्रदान की गई। इस वर्ष पुरस्कार पाने वालों में केरल के डॉ. जेकब पुलिकन, मिजोरम के लालबियाकजुआला राल्ते, तेलंगाना की सुनीता कृष्णन और तुर्किए की एक सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हैं। डॉ. जेकब पुलिकन को रचनात्मक कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। उन्होंने ग्रामीण आजीविका, स्थानीय उत्पादन और मूल्य आधारित शिक्षा को बढ़ावा दिया है। उनकी पहल से करीब 7.5 लाख लोगों को घरेलू उत्पाद बनाने का प्रशिक्षण मिला है।

मिजोरम के लालबियाकजुआला राल्ते को ग्रामीण विकास में विज्ञान एवं तकनीक के उपयोग के लिए पुरस्कार मिला। उन्होंने किफायती कृषि मशीनें और पहाड़ी रोपवे विकसित कर ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर तैयार किए हैं। उनकी मशीनों से 10 हजार से अधिक लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार मिला है। मानव तस्करी के खिलाफ उल्लेखनीय कार्य करने वाली तेलंगाना की सुनीता कृष्णन को महिला एवं बाल कल्याण श्रेणी में सम्मानित किया गया।

उनके संगठन प्रज्वला ने 33 हजार से अधिक महिलाओं और बच्चों को बचाकर उनका पुनर्वास किया है। तुर्किए की विजेता को विदेशों में गांधीवादी मूल्यों के प्रसार के लिए सम्मानित किया गया। उनके प्रयासों से वहां वन भूमि को टिकाऊ चारागाह के लिए खोलने संबंधी नियम बना। समारोह में नोबेल शांति पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।