लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर फिल्मी सितारों को धमकी भेजना वाला आईटी इंजीनियर बेंगलुरु से गिरफ्तार
मुंबई पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के नाम पर फिल्मी सितारों से करोड़ों रुपये की रंगदारी मांगने वाले आईटी इंजीनियर वैभव मिश्रा को बेंगलुरु से गिरफ्तार किया है।

HighLights
आईटी इंजीनियर वैभव मिश्रा बेंगलुरु से गिरफ्तार।
लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के नाम पर धमकी।
आयुष्मान खुराना, तुषार कपूर को निशाना बनाया।
राज्य ब्यूरो, मुंबई। फिल्मी सितारों को लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के नाम पर धमकी देकर करोड़ों रुपये की रंगदारी मांगने वाले एक व्यक्ति को मुंबई पुलिस ने बेंगलूरु से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित की पहचान वैभव मिश्रा के रूप में हुई है। पेशे से आइटी इंजीनियर वैभव खुद को लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का सदस्य बताकर फिल्मी हस्तियों को धमकी भरे ऑडियो संदेश भेज रहा था।
मुंबई पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से मुंबई में रहने वाले कई फिल्मी सितारों को धमकी भरे संदेश भेजे जा रहे थे। आरोपित इन संदेशों के जरिये नामी कलाकारों से करोड़ों रुपये की मांग कर रहा था। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह गिरोह के नाम का इस्तेमाल कर सितारों में दहशत पैदा करने की कोशिश कर रहा था।
अभिनेता आयुष्मान खुराना को भी एक व्यक्ति ने ऑडियो संदेश भेजकर धमकाया था। संदेश भेजने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़ा बताया और अभिनेता से करोड़ों रुपये की मांग की थी। इससे पहले अभिनेता तुषार कपूर को भी इसी तरह का धमकी भरा ऑडियो संदेश मिला था। इसमें संदेश भेजने वाले ने खुद को गिरोह का सदस्य हैरी बाक्सर बताया था और पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी।
इन धमकियों के बाद मुंबई पुलिस ने जांच तेज कर दी थी। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपित तक पहुंची और उसे बेंगलुरु से दबोच लिया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वैभव ने किन-किन कलाकारों को निशाना बनाया और क्या इस मामले में उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है। बता दें कि 18 अक्टूबर को अभिनेता टाइगर श्रॉफ के घर के बाहर हुई फायरिंग की घटना के बाद से बॉलीवुड में दहशत का माहौल है। इस हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गिरोह की ओर से ली गई थी। गिरोह के कथित सदस्य अनिल पंडित ने इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट कर सलमान खान के साथ नजदीकी रखने वालों को भी धमकी दी थी।
इतना ही नहीं, अनिल पंडित ने एक ऑडियो क्लिप जारी कर सलमान खान से लॉरेंस बिश्नोई और बिश्नोई समाज से माफी मांगने को कहा था। उसने चेतावनी दी थी कि ऐसा नहीं करने पर सलमान के परिवार को भी निशाना बनाया जा सकता है। इस धमकी के बाद फिल्म जगत में सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई थी। अब आयुष्मान और तुषार को धमकी देने वाले आरोपित की गिरफ्तारी को पुलिस इस पूरे घटनाक्रम की जांच में अहम कड़ी मान रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।