विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 31, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

दलित और मुस्लिम दलों से दूर I.N. D.I.A., प्रकाश आंबेडकर ने कांग्रेस पर साधा निशाना

By Jagran NewsEdited By: Piyush Kumar
Published: Thu, 31 Aug 2023 07:08 AM (IST)

डॉ.भीमराव आंबेडकर के पौत्र प्रकाश आंबेडकर की इच्छा थी कि उन्हें भी आइएनडीआइए गठबंधन में आमंत्रित किया जाए। लेकिन नहीं ...और पढ़ें

डॉ.भीमराव आंबेडकर के पौत्र प्रकाश आंबेडकर की इच्छा थी कि उन्हें भी आइएनडीआइए में शामिल की जाए।(फोटो सोर्स: जागरण
डॉ.भीमराव आंबेडकर के पौत्र प्रकाश आंबेडकर की इच्छा थी कि उन्हें भी आइएनडीआइए में शामिल की जाए।(फोटो सोर्स: जागरण

ओमप्रकाश तिवारी, मुंबई। पटना और बेंगलुरु के बाद विपक्षी दलों के गठबंधन आइएनडीआइए की तीसरी बैठक मुंबई में होने जा रही है। लेकिन, अब तक इस गठबंधन में दलित और मुस्लिम पहचान वाला कोई दल शामिल होता नहीं दिख रहा है। इसे लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं।

उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र लोकसभा सीटों की दृष्टि से पहले और दूसरे स्थान वाले राज्य हैं। ये दोनों राज्य दलित चेतना वाले राज्य भी रहे हैं। महाराष्ट्र जहां देश के दलित नेताओं में शीर्ष स्थान रखने वाले डॉ.भीमराव आंबेडकर का गृह राज्य रहा है, वहीं कांशीराम की भी कर्मभूमि एवं प्रेरणाभूमि रहा है।

आइएनडीआइए से मायावती ने बनाई दूरी

कांशीराम ने यहीं रहते हुए बामसेफ संगठन की शुरुआत की थी, जिसकी गहरी जड़ें आज भी देशभर में फैली हुई हैं। बाद में कांशीराम ने उत्तर प्रदेश को अपनी राजनीति का केंद्र बनाया, जहां उनकी शिष्या मायावती चार बार मुख्यमंत्री रह चुकी हैं। लेकिन इन दोनों ही राज्यों से ऐसा कोई दल आइएनडीआइए गठबंधन में अब तक शामिल नहीं दिख रहा है, जिसे दलित समाज का प्रतिनिधि माना जा सके।

प्रकाश आंबेडकर ने कांग्रेस पर साधा निशाना

डॉ.भीमराव आंबेडकर के पौत्र प्रकाश आंबेडकर की इच्छा थी कि उन्हें भी आइएनडीआइए गठबंधन में आमंत्रित किया जाए। लेकिन, नहीं किया गया। प्रकाश आंबेडकर बुधवार को पुणे में थे।

उन्होंने प्रेस से बात करते हुए स्वयं को विपक्षी गठबंधन में शामिल न किए जाने का ठीकरा कांग्रेस पर फोड़ते हुए कहा कि उनकी पार्टी वंचित बहुजन आघाड़ी (वीबीए) शिवसेना के साथ गठबंधन में है। लेकिन, उसे आइएनडीआइए में क्यों नहीं बुलाया गया, इसका उत्तर कांग्रेस ही दे सकती है।

प्रकाश आंबेडकर कहते हैं कि हमने 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को गठबंधन का प्रस्ताव दिया था। हमने इस बार 2024 के चुनाव के लिए भी कांग्रेस को गठबंधन का प्रस्ताव दिया है।

प्रकाश आंबेडकर को INDIA में शामिल किए जाने पर विचार किया जाएगा: उद्धव 

आइएनडीआइए गठबंधन की मुंबई बैठक के मेजबान उद्धव ठाकरे प्रकाश आंबेडकर के इस बयान पर कहते हैं कि वीबीए के साथ शिवसेना उद्धव गुट का गठबंधन है। हम प्रकाश आंबेडकर से पूछेंगे। यदि वह आइएनडीआइए में शामिल होने के इच्छुक हैं तो उस पर विचार किया जाएगा। यदि वे तैयार होंगे तो वीबीए को महाविकास आघाड़ी और आइएनडीआइए गठबंधन में शामिल किया जाएगा।

उद्धव ने विचार करने की बात तो कह दी। लेकिन वह भी जानते हैं कि प्रकाश आंबेडकर राकांपा संस्थापक शरद पवार एवं कांग्रेस के कितने कटु आलोचक हैं। उन्हें गठबंधन का हिस्सा बनाने से महाराष्ट्र में ही सीटों का बंटवारा कठिन हो जाएगा। उधर शरद पवार ने कहा कि यदि मायावती ने खुद को गठबंधन से दूर रखने का फैसला किया है तो उस पर सोचना चाहिए।