IIT बॉम्बे छात्र आत्महत्या मामले में हाई कोर्ट पहुंचे माता-पिता, सीबीआई जांच की मांग की
आईआईटी बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोड़े के माता-पिता ने बेटे की आत्महत्या मामले में मुंबई उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है।
-1793459226699_m.webp)
बॉम्बे हाई कोर्ट।
HighLights
साहिल वाकोड़े की मौत की सीबीआई/एसआईटी जांच की मांग।
आईआईटी बॉम्बे में जातिगत भेदभाव के गंभीर आरोप लगे।
निष्पक्ष जांच के लिए मुंबई उच्च न्यायालय में याचिका दायर।
डिजिटल डेस्क, मुंबई। आइआईटी बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोड़े की आत्महत्या के मामले में अब उसके माता-पिता ने मुंबई उच्चन्यायालय का दरवाजा खटखटाया है। उन्होंने बेटे की मौत की निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) अथवा विशेष जांच दल (एसआईटी) से कराने की मांग की है।
रविंद्र और सोनाली वाकोड़े की ओर से अधिवक्ता हितेंद्र गांधी ने यह याचिका दाखिल की है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि जातिगत अपमान और भेदभाव के कारण साहिल ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया। पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच नहीं कर रही है।
इसलिए जांच सीबीआई या किसी सेवानिवृत्त न्यायाधीश की निगरानी वाली एसआईटी से कराने की मांग की गई है। जबकि माता-पिता की शिकायत पर पवई पुलिस पहले ही आत्महत्या के लिए उकसाने सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर चुकी है।
याचिका में आईआईटी प्रशासन को घटना वाले दिन की सभी सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने का निर्देश देने की भी मांग की गई है। साथ ही घटना के प्रत्यक्षदर्शी विद्यार्थियों और शिक्षकों पर किसी तरह का दबाव नहीं डालने तथा उन्हें प्रभावित करने से रोकने की गुहार लगाई गई है।
साहिल आईआईटी बॉम्बे में बीटेक द्वितीय वर्ष का छात्र था। 18 सितंबर को उसने संस्थान के छात्रावास में आत्महत्या कर ली थी। माता-पिता का आरोप है कि कुछ शिक्षकों और परीक्षा निरीक्षक ने उसके प्रति जातिसूचक टिप्पणियां की थीं।
याचिका के मुताबिक, आईआईटी में कमरा मिलने के बाद साहिल वहां डा. बाबासाहेब आंबेडकर का चित्र लगाना चाहता था, लेकिन उसके साथ रहने वाले विद्यार्थियों ने उसे ऐसा न करने की सलाह दी थी। उन्हें आशंका थी कि इससे उसे जातिगत भेदभाव का सामना करना पड़ सकता है। साहिल ने यह बात माता-पिता को बताई तो उन्होंने भी किसी विवाद से बचने के लिए चित्र नहीं लगाने की सलाह दी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।