सोने में रेनियम मिला कर बेचा जा रहा, जीजेसी ने खरीदारों को सतर्क रहने की दी सलाह
ऑल इंडिया जेम एंड ज्वैलरी डोमेस्टिक काउंसिल (जीजेसी) ने बीआईएस को सोने में रेनियम और इरिडियम मिलाकर वजन बढ़ाने की जानकारी दी है। जीजेसी ने ग्राहकों और ज्वैलरी उद्योग को सतर्क रहने की सलाह दी है।
-1795198373734_m.webp)
(AI से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
सोने में रेनियम और इरिडियम मिलावट की जानकारी बीआईएस को दी।
जीजेसी ने ग्राहकों और उद्योग को सतर्क रहने की अपील की।
विश्वसनीय खुदरा विक्रेताओं से सोना खरीदें, हॉलमार्क अवश्य जांचें।
डिजिटल डेस्क, मुंबई। ऑल इंडिया जेम एंड ज्वैलरी डोमेस्टिक काउंसिल (जीजेसी) ने शुक्रवार को कहा कि उसने ब्यूरो आफ इंडियन स्टैंडर्ड्स (बीआइएस) को इस बात की जानकारी दी है कि सोने का वजन बढ़ाने के लिए कथित तौर पर रेनियम और इरिडियम जैसी धातुओं के मिश्रण का इस्तेमाल किया जा रहा है।
साथ ही, ज्वैलरी इंडस्ट्री और ग्राहकों से सतर्क रहने की अपील की है। रेनियम और इरिडियम उच्च घनत्व वाली भारी धातुएं हैं, जिनका मुख्य उपयोग एयरोस्पेस, टरबाइन ब्लेड, स्पार्क प्लग और उच्च तापमान वाले औद्योगिक उपकरणों में होता है।
जीजेसी के चेयरमैन राजेश रोकड़े ने कहा, "मीडिया में कुछ ऐसी खबरें आई हैं जिनमें सोने में रेनियम और इरिडियम जैसी धातुओं के इस्तेमाल की बात कही गई है। हम ज्वैलरी इंडस्ट्री और सोना खरीदने वालों को भरोसा दिलाना चाहते हैं कि घबराने की कोई बात नहीं है।
बीआईएस इस मामले को बहुत गंभीरता से ले रहा है।" मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सोने की शुद्धता बढ़ाए बिना उसका वजन बढ़ाने के लिए कथित तौर पर रेनियम और इरिडियम आधारित मिश्र धातुओं का इस्तेमाल किया गया है।
जीजेसी ने अपील की है कि अगर मिलावट, धोखाधड़ी का शक हो, तो तुरंत सूचना दें। शिकायतें जीजेसी के पास या सीधे बीआइएस के पास दर्ज कराई जा सकती हैं। उन्होंने खरीदारों को सलाह दी कि वे कम मेकिंग चार्ज के लालच में न आएं और भरोसेमंद रिटेलर्स से ही सोना खरीदें। बीआइएस केयर एप के जरिए हालमार्क की जानकारी वेरिफाई करनी चाहिए और हमेशा जीएसटी वाला बिल ही मांगना चाहिए।