Maharashtra: मुंबई के धारावी में लिफ्ट में फंसने से पांच साल के बच्चे की मौत
Lift Accident In Dharavi मुंबई के धारावी इलाके में लिफ्ट दुर्घटना में एक पांच साल के बच्चे की मौत हो गई। वह लिफ्ट से अपने चौथे मंजिल के घर में जा रहा था। बाहर निकलते समय वह बाहरी और भीतरी दरवाजों के बीच फंस गया।
मुंबई, एएनआइ। Lift Accident In Dharavi: महाराष्ट्र में मुंबई के धारावी इलाके में शनिवार दोपहर एक लिफ्ट दुर्घटना में एक पांच साल के बच्चे की मौत हो गई है। बच्चा लिफ्ट से अपने अपारमेंट की इमारत में चौथे मंजिल के घर में जा रहा था। लिफ्ट से बाहर निकलते समय वह बाहरी और भीतरी दरवाजों के बीच फंस गया। यह जानकारी मुंबई पुलिस ने रविवार को दी। इस हादसे के बाद सोसाइटी में शोक की लहर है। वहीं, बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। सोसाइटी के लोगों ने बच्चों के परिजनों को सांत्वना दी। इधर, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले दिल्ली के पंजाबी बाग थाना क्षेत्र स्थित एक रेस्टोरेंट में लगी लिफ्ट में चार लड़के काफी देर तक फंसे रहे थे। लिफ्ट में चार लड़के फंसे हैं, इसकी जानकारी तब लोग को मिली जब चारों ने इमरजेंसी अलार्म बजाकर मामले की सूचना रेस्टोरेंट कर्मचारियों को दी। मामले की जानकारी मिलने पर स्थानीय थाना पुलिस व दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद चारों लड़कों को सुरक्षित नीचे उतारा गया। पुलिस के अनुसार, पंजाबी बाग इलाके में क्लब रोड पर एक रेस्टेरमेंट है। बुधवार को अंकित, विपिन, अमित और सागर नामक युवक रेस्टोरेंट में खाना खाने आए थे।
इस दौरान उन्होंने ऊपर जाने के लिए लिफ्ट का इस्तेमाल किया। लेकिन, किसी वजह से लिफ्ट में तकनीकी खराबी आ गई और वह बीच में रुक गई। चारों ने लिफ्ट को चलाने का काफी प्रयास किया, लेकिन वह नहीं चली।इमरजेंसी अलार्म बजाकर वहां के कर्मचारियों को सूचित किया गया। रेस्टाेरेंट के कर्मचारियों ने अपनी ओर से लिफ्ट में फंसे युवकों को निकालने का काफी प्रयास किया लेकिन उन्हें कामयाबी नहीं मिली। इस बीच, पौने बारह बजे पुलिस को खबर दी गई। पीसीआर के अलावा पंजाबी बाग थानाल पुलिसकर्मी वहां पहुंचे। पुलिस के आने पर भी बात नहीं बनी तो रात 12.10 बजे पुलिस को खबर दी गई। दमकल कर्मियों ने किसी तरह 1.40 बजे चारों युवकों को सकुशल बाहर निकाल लिया। इस दौरान लड़कों के परिजन भी वहां पहुंच गए। सभी ने दमकल कर्मियों व पुलिस का धन्यवाद दिया था।