‘ऑपरेशन ब्लू स्टार’ विवाद पर महाजन के बचाव में उतरे फडणवीस, मंत्री ने बताया था 'ब्लैक डे'
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंत्री गिरीश महाजन का बचाव किया, जिनके ऑपरेशन ब्लू स्टार को 'काला दिन' कहने पर विवाद हुआ था।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, राज्य मंत्री गिरीश महाजन
HighLights
मुख्यमंत्री फडणवीस ने मंत्री गिरीश महाजन का बचाव किया।
महाजन ने ऑपरेशन ब्लू स्टार को 'काला दिन' बताया था।
फडणवीस ने 1984 सिख दंगों के संदर्भ में बात की।
राज्य ब्यूरो, मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को राज्य मंत्री गिरीश महाजन का बचाव करते हुए कहा कि उनके बयान को 1984 के ‘कांग्रेस के नेतृत्व वाले’ सिख विरोधी दंगों के संदर्भ में समग्र रूप से देखा जाना चाहिए।
महाजन ऑपरेशन ब्लू स्टार को ‘काला दिन’ कहकर और 1984 की सैन्य कार्रवाई की तुलना अफगान शासक अहमद शाह अब्दाली के आक्रमण से करके इन दिनों विपक्ष के निशाने पर हैं।
महाजन पर बरसा विपक्ष
विपक्ष ने महाजन पर उग्रवादियों का महिमामंडन करने और सशस्त्र बलों का अपमान करने का आरोप लगाया है। लेकिन आज महाजन का बचाव करते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व में दिल्ली, पंजाब और पूरे भारत में सिखों का नरसंहार एक ऐतिहासिक तथ्य है। इस सच्चाई को कोई नहीं भूल सकता।
फडणवीस ने यह बात नई दिल्ली में पत्रकारों से बात करते हुए कही। महाजन के भाषण की आलोचना का जिक्र करते हुए फडणवीस ने कहा कि अगर आप महाजन के पूरे बयान को देखें तो ऐसा सवाल ही नहीं उठता।
महाजन दे चुके हैं स्पष्टीकरण
गिरीश महाजन पहले ही स्पष्टीकरण दे चुके हैं। बता दें कि महाजन पिछले शनिवार को अमृतसर के दमदमी टकसाल मुख्यालय में आयोजित ऑपरेशन ब्लू स्टार के वर्षगांठ समारोह में भाग लेने वाले किसी भी राज्य सरकार के पहले प्रतिनिधि बने।
फडणवीस ने कहा कि गुरु तेग बहादुर की शहादत की 300वीं वर्षगांठ के राष्ट्रव्यापी आयोजन के दौरान निमंत्रण मिलने पर महाजन पंजाब गए थे। पूरा देश गुरु तेग बहादुर जी की शहादत की 300वीं वर्षगांठ मना रहा था।
महाराष्ट्र ने इस अवसर पर बड़े कार्यक्रम आयोजित किए। चूंकि कुछ बड़े कार्यक्रम महाराष्ट्र में आयोजित किए गए थे, इसलिए पंजाब से गिरीश महाजन को निमंत्रण आया था।
फडणवीस ने किया बचाव
महाजन के भाषण का हवाला देते हुए, फडणवीस ने कहा कि मंत्री ने सिख समुदाय की प्रशंसा की है और भारत की प्रगति में उनके योगदान को उजागर किया है।
उन्होंने सिख समुदाय को मुख्यधारा में पूरी तरह से शामिल करने में भारत सरकार के योगदान के बारे में बात की और पंजाब में बढ़ती नशीली दवाओं की समस्या पर भी टिप्पणी की।
मुझे नहीं लगता कि इसे किसी और नजरिए से देखा जाना चाहिए। उस कार्यक्रम का जिक्र करते हुए फडणवीस ने कहा कि मंच पर सब कुछ गुरुमुखी में लिखा हुआ था।
उस कार्यक्रम के पीछे कौन था या वहां किसकी तस्वीरें प्रदर्शित की गई थीं, सब कुछ गुरुमुखी में लिखा था, इसलिए इसके बारे में गिरीश महाजन को कोई जानकारी नहीं थी। वह वहां बहुत थोड़े समय के लिए ही गए थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।