Move to Jagran APP

Maharashtra: मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह से ईडी ने पांच घंटे की पूछताछ

Maharashtra परमबीर सिंह से प्रवर्तन निदेशालय ने पांच घंटे पूछताछ की। उनका बयान राज्य के पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख पर दर्ज मामले में दर्ज किया गया है। इसी वर्ष मार्च में परमबीर सिंह ने महाराष्ट्र के गृहमंत्री रहे अनिल देशमुख के विरुद्ध भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए थे।

By Sachin Kumar MishraEdited By: Published: Sun, 05 Dec 2021 09:04 PM (IST)Updated: Sun, 05 Dec 2021 09:04 PM (IST)
Maharashtra: मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह से ईडी ने पांच घंटे की पूछताछ
मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह से ईडी ने पांच घंटे की पूछताछ। फाइल फोटो

राज्य ब्यूरो, मुंबई। महाराष्ट्र में मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को पांच घंटे पूछताछ की। उनका बयान राज्य के पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख पर दर्ज मामले में दर्ज किया गया है। इसी वर्ष मार्च में परमबीर सिंह ने महाराष्ट्र के गृहमंत्री रहे अनिल देशमुख के विरुद्ध भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के लंबा पत्र लिखकर कहा था कि अनिल देशमुख मुंबई के पुलिस अधिकारियों के जरिए बारों व रेस्टोरेंट्स से हर महीने सौ करोड़ रुपयों की वसूली करवाना चाहते थे। इसके अलावा परमबीर ने देशमुख पर पुलिस विभाग की ट्रांस्फर-पोस्टिंग में भी भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। उनके इन आरोपों के बाद ही मुंबई उच्च न्यायालय ने सीबीआइ को तत्कालीन गृहमंत्री पर लगे आरोपों की जांच के निर्देश दिए और देशमुख को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा।

loksabha election banner

सीबीआइ की प्रारंभिक जांच में पैसों के लेनदेन के तथ्य सामने आने के बाद ईडी ने भी देशमुख के विरुद्ध मनी लांड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। करीब एक माह पहले ईडी ने देशमुख को गिरफ्तार भी कर लिया है। उनके दो सहयोगी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके थे। लेकिन परमबीर स्वयं यह आरोप लगाने के बाद मुंबई से गायब हो गए थे। उन्हीं के लगाए आरोपों के सत्यापन के लिए ईडी उनके बयान दर्ज नहीं कर पा रहा था। ईडी उन्हें अब तक तीन बार सम्मन भेज चुका था। गृहमंत्री पर गंभीर आरोप लगाने के बाद से ही महाराष्ट्र में परमबीर सिंह के विरुद्ध पांच आपराधिक मामले दर्ज किए जा चुके हैं। इन मामलों में गिरफ्तारी के डर से परमबीर मुंबई नहीं आ रहे थे। सर्वोच्च न्यायालय से उन्हें गिरफ्तारी से अस्थायी राहत मिलने के बाद वह मुंबई आए हैं। अब वह मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच सहित अन्य कई एजेंसियों के सामने हाजिर होकर अपने बयान दर्ज करवा रहे हैं। इसी कड़ी में ईडी ने भी शुक्रवार को पांच घंटे उनसे पूछताछ की है। उनका बयान दर्ज होने के बाद अब ईडी अनिल देशमुख के विरुद्ध अपनी जांच आगे बढ़ा सकेगा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.