विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महाराष्ट्र में दीवली पर आग का तांडव, धाराशिव में 6 की मौत; मुंबई में 142 घटनाएं

Published: Mon, 09 Nov 2026 11:42 PM (IST)

महाराष्ट्र में दीपावली के दौरान आग लगने की कई घटनाएं हुईं, जिसमें धाराशिव में एक परिवार के छह सदस्यों की दम घुटने से मौत हो गई।

(सांकेतिक तस्वीर)

(सांकेतिक तस्वीर)

HighLights

  1. धाराशिव में घर में आग से छह लोगों की मौत।

  2. मुंबई में दीपावली पर 142 आग की घटनाएं दर्ज।

  3. मुंबई में हवाई पटाखों पर 25 नवंबर तक रोक।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र में दीपावली के जश्न के दौरान आग लगने की कई घटनाएं हुईं। धाराशिव जिले में एक परिवार के छह सदस्यों की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि रविवार रात को ही मुंबई में आग लगने की करीब 142 घटनाएं सामने आईं।

इनमें से 137 घटनाएं पटाखों के कारण हुईं। पटाखों के कारण आग लगने की घटनाओं को देखते हुए मुंबई आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सोमवार को एक आदेश जारी किया। इसके तहत 25 नवंबर तक शहर की सभी सार्वजनिक और निजी स्थानों पर आसमान में जाने वाले पटाखों (एरियल फायर क्रैकर्स) के इस्तेमाल पर रोक लगा दी गई है।

धाराशिव के येडशी इलाके में देर रात एक घर में आग लग गई। पुलिस ने बताया कि करंडे परिवार के छह सदस्य घर की पहली मंजिल पर सो रहे थे, जबकि नीचे की मंजिल पर एक दुकान थी।

आग लगने के बाद दम घुटने से उन सभी की मौत हो गई। दुकान में प्लास्टिक का सामान और तेल का स्टाक होने से आग तेजी से फैल गई। आग लगने के सही कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन शुरुआती जांच से संकेत मिलता है कि यह वहां जलाई गई एक मिट्टी के छोटे दीये की वजह से लगी हो सकती है।

वहीं, मुंबई में दीपावली की रात विभिन्न स्थानों पर आग लगने की कई बड़ी घटनाएं हुईं। हालांकि इसमें किसी की जान नहीं गई, लेकिन दो महिलाएं घायल हो गईं। डोंगरी के डॉ. माहेश्वरी रोड स्थित हाजी कासम चाल में लगी भीषण आग को बुझाने में दमकलकर्मियों को नौ घंटे से ज्यादा का समय लगा। रात करीब 10 बजे लगी इस आग ने कई दुकानों और झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया।

इसके बाद आग बिजली की वायरिंग, फर्नीचर, एलपीजी सिलेंडर, केमिकल के ड्रम और तिरपाल तक फैल गई। दमकलकर्मियों ने सोमवार सुबह 7:23 बजे आग पर काबू पाया। एक अन्य घटना अंधेरी के मारोल मिलिट्री रोड स्थित एक गैरेज में हुई। पांच घंटे तक चले आपरेशन के बाद सोमवार सुबह इस आग को बुझा दिया गया।

तीसरी आग की घटना रात 11 बजे विद्याविहार में जाली जिमखाना के पास स्थित 10 मंजिला कमर्शियल बिल्डिंग, 'स्काईलाइन विडॉ' में लगी। आग 7वीं से 10वीं मंजिल तक फैल गई थी, जिसे सोमवार सुबह 5.55 बजे बुझाया जा सका। वहीं ठाणे के रहेजा गार्डेंन में 17 मंजिला कार्लाइल इमारत की सातवीं से 14वीं मंजिल तक भीषण आग लगी।

घने धुएं से के बीच से 40 से 50 लोगों को बचाया गया। इनमें एक बुजुर्ग भी शामिल हैं। उन्हें पहले से ही आक्सीजन दी जा रही थी। महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे घटनास्थल पहुंचे और हालात का जायजा लिया।

बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के आंकड़ों के अनुसार, रविवार को शहर के फायर ब्रिगेड को 142 काल मिलीं, जिनमें से 137 काल पटाखों के कारण लगी आग से जुड़ी थीं। एक ही दिन में सामने आए इन मामलों की संख्या पिछली दिवाली के आंकड़ों (2024 में 80 और 2025 में 113) से कहीं अधिक है।

मेयर ऋतु तावड़े ने एक वीडियो संदेश के जरिये लोगों से अपील की कि जश्न मनाते समय अपनी सुरक्षा को खतरे में न डॉलें। उन्होंने लोगों से पटाखे जलाते समय सावधानी बरतने का आग्रह किया।

कुछ इस तरह की प्रतिक्रिया

फिल्म निर्माता विवेक रंजन अग्निहोत्री ने इंटरनेट मीडिया पर लिखा, प्रिय महापौर जी, कल रात एक बेकाबू राकेट हमारी बालकनी के सोफे पर आ गिरा, जिससे उसमें आग लग गई। ये तो अच्छा था कि हमारे कुत्तों ने हमें समय रहते आगाह कर दिया। हमें हमेशा डर लगा रहता था कि ऐसा हो सकता है। इस बार हम बच गए, लेकिन बाकी लोगों का क्या।

शिवसेना यूबीटी के नेता आदित्य ठाकरे ने इंटरनेट मीडिया पोस्ट में लिखा कि लोगों के घरों में बेतरतीब ढंग से आ रहे और चीजों में आग लगा रहे राकेटों पर पुलिस और प्रशासन की ओर से कार्रवाई होनी चाहिए। मुंबई और ठाणे जैसे शहरों में पिछले दो दिनों में कुछ भयावह घटनाएं हुई हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।