विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'शरद पवार के पैरों में सिर रखकर मांगूंगा माफी, अगर...', पीठ में छुरा घोंपने वाले बयान पर पलटे कांग्रेस नेता वडेट्टीवार

Published: Sun, 29 Nov 2026 02:43 PM (IST)

परिसीमन विधेयक पर शरद पवार के समर्थन को लेकर कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने अपने 'पीठ में छुरा घोंपने' वाले बयान से यू-टर्न लिया है।

शरद पवार को लेकर बयान पर पलटे कांग्रेस नेता (तस्वीर- सोशल मीडिया)

शरद पवार को लेकर बयान पर पलटे कांग्रेस नेता (तस्वीर- सोशल मीडिया)

HighLights

  1. वडेट्टीवार ने शरद पवार पर दिए बयान से यू-टर्न लिया।

  2. परिसीमन विधेयक पर समर्थन वापसी पर माफी मांगने को तैयार।

  3. कांग्रेस आलाकमान पवार और स्टालिन से करेगा मुलाकात।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। देशभर में परिसीमन विधेयक को लेकर सियासत सातवें आसमान पर है। इसी बीच इस विधेयक का समर्थन करने पर एनसीपी (SP) प्रमुख शरद पवार को पीठ में छुरा घोंपने वाला बताने के एक दिन बाद ही महाराष्ट्र के कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार के सुर बदल गए हैं।

रविवार को वडेट्टीवार ने कहा कि यदि शरद पवार इस बिल से अपना समर्थन वापस ले लेते हैं, तो वे उनके पैरों में सिर रखकर माफी मांगेंगे और अगर पवार कहें तो राजनीति भी छोड़ देंगे।

क्या बोले विजय वडेट्टीवार?

छह बार के विधायक वडेट्टीवार ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उनके पिछले बयान का मकसद किसी को ठेस पहुंचाना नहीं था। उन्होंने कहा कि अगर पवार साहब परिसीमन बिल का समर्थन नहीं करते हैं, तो मैं उनके पैरों में अपना सिर रखकर माफी मांगूंगा।

पत्रकारों से बातचीत में कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि हमारे दिलों में पवार साहब की धर्मनिरपेक्ष विचारधारा की छवि हमेशा बनी रहेगी। अगर वे बिल से समर्थन वापस ले लेते हैं, तो मैं कुछ भी करने को तैयार हूं, यहां तक कि उनके कहने पर राजनीति भी छोड़ दूंगा।

शनिवार को दिया था तीखा बयान

बता दें कि कांग्रेस और शरद पवार की पार्टी महाराष्ट्र में सहयोगी हैं। इसके बावजूद शनिवार को वडेट्टीवार ने 85 वर्षीय शरद पवार पर तीखा हमला बोला था। उन्होंने कहा था कि पवार का इतिहास लोगों की पीठ में छुरा घोंपने और फायदा उठाने का रहा है और उन्होंने एक बार फिर यही किया है।

वडेट्टीवार ने कहा था कि यह पार्टी सत्ता के बिना जिंदा नहीं रह सकती और इनकी कोई विचारधारा नहीं है। वे बिना पानी की मछली की तरह छटपटा रहे हैं। हमने उन्हें राज्यसभा भेजा, लेकिन जब लोकतंत्र को खत्म करने वालों का इतिहास लिखा जाएगा, तो उसमें उनका नाम जरूर होगा।

पवार और स्टालिन को मनाने में जुटा कांग्रेस आलाकमान
इस विवाद के बीच कांग्रेस के शीर्ष नेता—मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी—रविवार को मुंबई के अस्पताल में भर्ती शरद पवार से मुलाकात कर इस मुद्दे पर चर्चा करने वाले हैं। कांग्रेस का यह प्रतिनिधिमंडल सहयोगी दल डीएमके (DMK) प्रमुख एमके स्टालिन से भी बात करेगा, जिन्होंने इस परिसीमन प्रक्रिया का समर्थन किया है।

क्या है नया परिसीमन बिल, जिस पर मचा है सियासी घमासान?

गौरतलब है कि अप्रैल में समर्थन जुटाने में विफल रहने के बाद, केंद्र सरकार सोमवार को लोकसभा में नया संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 पेश करने जा रही है। इसके मुख्य प्राविधान है कि महिलाओं को एक-तिहाई (33%) आरक्षण लागू करने के लिए हर राज्य और केंद्र शासित प्रदेश की लोकसभा और विधानसभा सीटों में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाएगी।

संसद और विधानसभा का नया आकार

इसके तहत लोकसभा की अधिकतम सीटें 543 से बढ़कर 850 (राज्यों से 815 और केंद्र शासित प्रदेशों से 35) हो जाएंगी, जबकि राज्य विधानसभाओं की अधिकतम सीमा 500 से बढ़ाकर 650 करने का प्रस्ताव है।

इसके अलावा नई सीटों और सीमाओं के निर्धारण के बाद इन्हें साल 2051 तक के लिए फ्रीज कर दिया जाएगा। अब इस प्रस्ताव के सामने आने के बाद विपक्षी दलों का आरोप है कि यह विधेयक लोकतंत्र को खत्म कर देगा और इसके जरिए भाजपा को अपने राजनीतिक फायदे के लिए संविधान को फिर से लिखने की ताकत मिल जाएगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।