विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 24, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

किसी के साथ अन्याय किए बिना मराठा आरक्षण दिलवाएंगे, शिवसेना की परंपरागत रैली में CM शिंदे ने किया वादा

By Jagran NewsEdited By: Devshanker Chovdhary
Published: Tue, 24 Oct 2023 10:47 PM (IST)

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा है कि हम छत्रपति शिवाजी महाराज की शपथ लेकर कहते हैं कि किसी ...और पढ़ें

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे मुंबई के आजाद मैदान में 'रावण दहन' के दौरान संबोधित करते हुए। (फोटो- एएनआई)
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे मुंबई के आजाद मैदान में 'रावण दहन' के दौरान संबोधित करते हुए। (फोटो- एएनआई)

राज्य ब्यूरो, मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा है कि हम छत्रपति शिवाजी महाराज की शपथ लेकर कहते हैं कि किसी के साथ अन्याय किए बिना ही मराठा समाज को आरक्षण दिलवाएंगे। उन्होंने यह बात मुंबई के आजाद मैदान में शिवसेना की परंपरागत रैली को संबोधित करते हुए कही।

सीएम एकनाथ शिंदे ने रैली को किया संबोधित

पिछले वर्ष शिवसेना में हुए विभाजन के बाद से उद्धव गुट और शिंदे गुट शिवसेना की अलग-अलग रैलियों का आयोजन करता है। इसी कड़ी में मंगलवार को उद्धव गुट ने शिवसेना के पुराने रैली स्थल शिवाजी पार्क में और शिंदे गुट ने दक्षिण मुंबई के आजाद मैदान में रैली का आयोजन किया।

शिंदे गुट ने अपने मंच पर न सिर्फ छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा के साथ ही शिवसेना संस्थापक बालासाहब ठाकरे की बड़ी तस्वीर लगा रखी थी, बल्कि उनके स्थान स्वरूप मंच पर एक खाली सोफा भी रखा था। जिस पर शिंदे सहित उनके कई साथियों ने पुष्प अर्पित कर बालासाहब को श्रद्धांजलि दी।

यह भी पढ़ेंः '...उल्टा लटका देंगे, महाराष्ट्र में चुनाव कराकर दिखाएं एकनाथ शिंदे', दशहरा रैली में विरोधियों पर गरजे उद्धव ठाकरे

किसी के साथ अन्याय किए बिना मराठा आरक्षण दिलवाएंगे: शिंदे

इन दिनों महाराष्ट्र में मराठा आरक्षण का मुद्दा गरम है। इसलिए, मुख्यमंत्री शिंदे ने अपने भाषण के दौरान छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा के पास जाकर शपथ लेते हुए कहा कि मैं किसी के साथ अन्याय किए बगैर ही मराठा समाज को कोर्ट में टिकने लायक आरक्षण दिलवाऊंगा।

उन्होंने कहा कि इससे पहले देवेंद्र फडणवीस ने अपनी सरकार के दौरान मराठा समाज को आरक्षण दिलवाया था। वह हाई कोर्ट में तो टिका, लेकिन सुप्रीम कोर्ट में नहीं टिक सका। अब हम ऐसा प्रयास कर रहे हैं कि मराठा समाज को सुप्रीम कोर्ट में टिकने लायक आरक्षण मिल सके।

मुख्यमंत्री शिंदे ने विपक्षी दलों पर किया प्रहार

शिंदे ने बिना किसी का नाम लिए विपक्षी दलों पर प्रहार करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जब भी महाराष्ट्र आते हैं, कुछ लोगों के पेट में दर्द होने लगता है। इसका कारण सिर्फ मोदी द्वेष है और कुछ नहीं। ऐसे लोगों को बालासाहब ठाकरे के नाम पर शुरू किए गए निशुल्क अस्पताल में जाकर अपना इलाज कराना चाहिए।

शिंदे ने अपने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया वे सरकार द्वारा किए जा रहे अच्छे कार्यों को जनता तक पहुंचाएं, क्योंकि अगले लोकसभा चुनाव में राज्य में राजग गठबंधन को 45 से अधिक सीटें जीतनी हैं।

यह भी पढ़ेंः सरकार मराठा समुदाय को आरक्षण देने को प्रतिबद्ध, न उठाएं आत्महत्या जैसे कदम: मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे