'हिंदू-मुस्लिम की राजनीति करने वाले पाकिस्तान चले जाएं', CJP के प्रदर्शन में बोले अभिजीत दीपके
सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने हिंदू-मुस्लिम के नाम पर लोगों को बांटने वाली राजनीति की निंदा की। वहीं, दिल्ली में भी प्रदर्शन की चेतावनी दी।

अभिजीत दीपके का हिंदू-मुस्लिम की राजनीति करने वालों पर हमला(फोटो: पीटीआई)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, मुंबई। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने शुक्रवार को कहा कि महाराष्ट्र में हिंदू-मुस्लिम के नाम पर लोगों को बांटने वाली राजनीति नहीं चलेगी। उन्होंने दोनों समुदायों से एकजुट रहने की अपील की।
मुंबई के शिवाजी पार्क मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए दिपके ने कहा कि यह देश तभी आगे बढ़ेगा जब हिंदू और मुस्लिम साथ मिलकर रहेंगे। उन्होंने तीखे शब्दों में कहा कि जो लोग नफरत और विभाजन की राजनीति करना चाहते हैं, वे पाकिस्तान जाकर ऐसी राजनीति करें।
मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर शिवाजी पार्क में प्रदर्शन
सीजेपी का प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आयोजित किया गया था। पुलिस द्वारा कार्यक्रम की अनुमति न दिए जाने के बावजूद गांधी जयंती के अवसर पर शिवाजी पार्क मैदान में 10000 से अधिक लोग एकत्र हुए।
स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए पूरे क्षेत्र में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। पार्टी का आरोप है कि मतदाता सूचियों में भारी गड़बड़ियां की जा रही हैं और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली निष्पक्ष नहीं रही है, जिसे लेकर यह अभियान शुरू किया गया है।
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की चेतावनी
अभिजीत दिपके ने प्रदर्शन को देशव्यापी स्तर पर ले जाने की चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मुख्य चुनाव आयुक्त ने अपने पद से इस्तीफा नहीं दिया, तो 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया जाएगा।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्होंने लिखा कि यह पूरी तरह शांतिपूर्ण प्रदर्शन होगा। उन्होंने स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव चाहने वाले सभी नागरिकों से इस अभियान में शामिल होने का आह्वान किया।
तुषार गांधी भी प्रदर्शन में हुए शामिल
शिवाजी पार्क में हुए इस विरोध प्रदर्शन को कला और सामाजिक जगत का भी बड़ा समर्थन मिला। इसके अलावा महात्मा गांधी के परपोते तुषार गांधी भी छात्रों और आम नागरिकों के साथ इस प्रदर्शन में शामिल हुए।
प्रदर्शन में दिग्गज अभिनेता नसीरुद्दीन शाह, अभिनेत्री शबाना आजमी, जाने-माने फिल्म निर्देशक विशाल भारद्वाज, हंसल मेहता और संगीतकार-गायक विशाल ददलानी मंच पर मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग पर अड़ी सीजेपी, दिल्ली और मुंबई में एक साथ भारी विरोध-प्रदर्शन
यह भी पढ़ें- सीजेपी ने किया जेल भरो आंदोलन का एलान, CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग
