838 नंबर वाली प्लेट, खून और चीखें... महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में दिनदहाड़े हत्या, सामने आया खौफनाक वीडियो
छत्रपति संभाजीनगर में दिनदहाड़े एक व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोपी ने अपने दोस्त को पहले कार से कुचला और फिर डंडे-रॉड से वार किए।

छत्रपति संभाजीनगर में युवक की बेरहमी से हत्या।
HighLights
छत्रपति संभाजीनगर में दिनदहाड़े हुई खौफनाक हत्या।
आरोपी पवन पाराशर ने दोस्त देवेश दीक्षित को मारा।
दोस्ती दुश्मनी में बदली, पुलिस कर रही जांच।
डिजिटल डेस्क, छत्रपति संभाजीनगर। एक फैंसी 838 नंबर प्लेट, दिन-दहाड़े हत्या और वहां मौजूद लोगों की चीख-पुकार...गुरुवार को छत्रपति संभाजीनगर की एक व्यस्त सड़क पर उस वक्त खौफनाक मंजर देखने को मिला, जब एक व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर दी गई।
इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें देखा जा सकता है कि कैसे एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी कार से अपने ही दोस्त को कुचल दिया और फिर दिन-दहाड़े डंडे और लोहे की रॉड से उस पर कई वार किए।
आरोपी ने किया सरेंडर
पुलिस के अनुसार, पीड़ित देवेश उर्फ बंटी दीक्षित (36) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आरोपी पवन पाराशर (22) बाद में खुद सिडको पुलिस स्टेशन पहुंचा और सरेंडर कर दिया।
पीछा करने की घटना हत्या में बदली
शुरुआती जांच से पता चला है कि दीक्षित जिम से घर लौट रहे थे तभी वांखेडेनगर के रहने वाले पराशर ने कथित तौर पर कार से उनका पीछा करना शुरू कर दिया। यह पीछा सिडको के N-7 इलाके में मंगेश गैस एजेंसी तक किया गया। पुलिस ने बताया कि पराशर ने पीछे से दीक्षित के दोपहिया वाहन को टक्कर मारी, जिससे वे सड़क पर गिर गए।
डंडे और लोहे की रॉड से सिर पर किए वार
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोपहिया वाहन लगभग 150 फीट दूर जा गिरा। पुलिस के अनुसार, चश्मदीदों ने बताया कि इसके बाद पराशर ने यू-टर्न लिया और वापस घायल व्यक्ति की ओर गाड़ी चलाई। वह कार से बाहर निकला और अपने साथ लाए डंडे और लोहे की रॉड से दीक्षित के सिर पर कई बार वार किए।
सिडको के इंस्पेक्टर अतुल येर्मे ने बताया, "टक्कर के बाद आरोपी ने यू-टर्न लिया, वापस घायल व्यक्ति के पास गया, कार से बाहर निकला और डंडे और लोहे की रॉड से उसके सिर पर कई बार वार किए।" मेडिकल मदद पहुंचने से पहले ही मौके पर ही दीक्षित की मौत हो गई।
आरोपी ने सिडको पुलिस स्टेशन में सरेंडर कर दिया। इस हत्या से इलाके में दहशत फैल गई और वहां से गुजरने वाले लोग और दुकानदार मौके पर इकट्ठा हो गए।
दोस्ती दुश्मनी में बदली
पुलिस को शक है कि मतृक और आरोपी के बीच हुए किसी विवाद की वजह से यह हत्या हुई। नवाले ने बताया, "पुलिस के सामने सरेंडर करने के बाद आरोपी ने दावा किया कि वह और पीड़ित अलग-अलग बार में बाउंसर का काम करते थे। उनकी दोस्ती दुश्मनी में बदल गई थी, जिससे वह परेशान था।"
उन्होंने कहा कि पुलिस टीमें आरोपी के बयान की पुष्टि कर रही हैं और हत्या के असली मकसद की जांच कर रही हैं। इंस्पेक्टर (क्राइम) गजानन कल्याणकर ने बताया कि जांचकर्ता पराशर से पूछताछ कर रहे हैं, ताकि घटनाओं के पूरे क्रम का पता लगाया जा सके और उन परिस्थितियों को समझा जा सके जिनकी वजह से हत्या हुई।
