विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महाराष्ट्र FDA की बड़ी कार्रवाई, नवी मुंबई के नेरुल में बिगबास्केट के गोदाम का लाइसेंस सस्पेंड

Published: Thu, 26 Nov 2026 10:24 PM (IST)

महाराष्ट्र एफडीए ने नवी मुंबई के नेरुल स्थित बिगबास्केट के खाद्य भंडारण केंद्र का लाइसेंस निलंबित कर दिया है। 

नवी मुंबई के नेरुल में बिगबास्केट के गोदाम का लाइसेंस निलंबित। (फोटो-रॉयटर)

नवी मुंबई के नेरुल में बिगबास्केट के गोदाम का लाइसेंस निलंबित। (फोटो-रॉयटर)

HighLights

  1. बिगबास्केट नवी मुंबई गोदाम का लाइसेंस निलंबित किया गया।

  2. चूहों की मौजूदगी और खाद्य सुरक्षा उल्लंघन पाए गए।

  3. एफडीए ने स्वच्छता नियमों पर सख्त कार्रवाई की।

डिजिटल डेस्क, ठाणे। महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने ने नवी मुंबई के नेरुल स्थित बिगबास्केट के खाद्य भंडारण और वितरण केंद्र का लाइसेंस निलंबित कर दिया है।

निरीक्षण के दौरान परिसर में चूहों की मौजूदगी और खाद्य पदार्थों के साथ सिगरेट बेचे जाने की बात सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई। इसके साथ ही कर्जत में दो प्रतिष्ठानों के लाइसेंस भी निलंबित किए गए हैं और कोंकण संभाग में प्रतिबंधित खाद्य पदार्थ जब्त किए।

एफडीए ने 21 नवंबर को नवी मुंबई के नेरुल में स्थित इनोवेटिव रिटेल कान्सेप्ट्स प्राइवेट लिमिटेड (बिगबास्केट) के गोदाम का निरीक्षण किया था जिसमें इस यूनिट को 196 में से 127 अंक (65 प्रतिशत) मिले और इसे नान-कंप्लायंस (नियमों का पालन न करने वाली) श्रेणी में रखा गया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने देखा कि खाद्य पदार्थों के साथ सिगरेट बेचा जा रहा था। चूहों की मौजूदगी के संकेत भी मिले। खाने के तेल के फटे पैकेट, चूहों को पकड़ने के लिए पर्याप्त जाल न होना और कीट नियंत्रण कार्यक्रम का अभाव जैसी कमियां भी मिलीं।

25 नवंबर को एफडीए ने इस गोदाम का लाइसेंस निलंबित कर दिया। खाद्य पदार्थों, पालतू जानवरों के भोजन और गैर-खाद्य वस्तुओं को एक ही रैक में रखा गया था। 34 खाद्य कर्मचारियों के मेडिकल जांच और टीकाकरण प्रमाणपत्र भी उपलब्ध नहीं थे।

एफडीए ने खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की निगरानी में 72 घंटे के भीतर चूहों के कुतरे सामान, खाने के तेल के फटे पैकेटों तथा फर्श पर रखे खाद्य पदार्थों को नष्ट करने का आदेश दिया।

सभी सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पादों को तत्काल हटाने को कहा। खाद्य सुरक्षा नियामक ने कारण बताओ नोटिस जारी कर पूछा कि लाइसेंस रद क्यों न किया जाए। जवाब देने के लिए 15 दिन का समय दिया गया है। लाइसेंस बहाल करने पर विचार से पहले दोबारा निरीक्षण किया जाएगा।

वहीं, रायगढ़ जिले के कर्जत तालुका में होटल दिव्येश और पुष्पम रिसार्ट्स (संस्कृति सुइट्स एंड रिसार्ट) के लाइसेंस भी स्वच्छता नियमों के उल्लंघन पर निलंबित किए गए।

कोंकण क्षेत्र में प्रतिबंधित गुटखा, पान मसाला और सुगंधित तंबाकू के खिलाफ अभियान में 23 और 24 नवंबर को कुल 14,38,477 रुपये का प्रतिबंधित सामान जब्त किया गया।


सोर्स- न्यूज एजेंसी PTI के इनपुट के अनुसार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।