विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'देश के बारे में सोचिए', सोनिया गांधी की आत्मकथा पर अन्ना हजारे की नसीहत

Published: Wed, 11 Nov 2026 07:27 PM (IST)

अन्ना हजारे ने सोनिया गांधी के भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन पर लगाए आरोपों का खंडन किया है। उन्होंने सोनिया को देश ...और पढ़ें

सोनिया गांधी की आत्मकथा पर अन्ना हजारे का पलटवार

सोनिया गांधी की आत्मकथा पर अन्ना हजारे का पलटवार

HighLights

  1. अन्ना हजारे ने सोनिया गांधी के आरोपों को पूरी तरह गलत बताया।

  2. कहा, उनका भाजपा या आरएसएस से कोई संबंध नहीं है।

  3. सोनिया गांधी को देश के बारे में सोचने की नसीहत दी।

राज्य ब्यूरो, मुंबई। सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने 2011 के भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन को लेकर कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी के आरोपों पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।

उन्होंने सोनिया गांधी को नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें इस तरह की छोटी बातों में उलझने के बजाय देश के बारे में सोचना चाहिए। देश किस दिशा में जा रहा है और उसकी मौजूदा स्थिति क्या है, इस पर ध्यान देने की जरूरत है।

अन्ना ने साफ कहा कि उनका न तो भाजपा से कोई संबंध है और न ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से। उनके लिए किसी राजनीतिक दल से अधिक महत्वपूर्ण समाज और देश का हित है।

कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी संस्मरण पुस्तक 'बिलांगिंग : ए जर्नी ऑफ लव' में अन्ना हजारे के नेतृत्व में चले 'इंडिया अगेंस्ट करप्शन' आंदोलन का उल्लेख किया है।

उन्होंने लिखा है कि महाराष्ट्र के प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ता बाबूराव अन्ना हजारे इस आंदोलन का प्रमुख चेहरा बनकर उभरे थे। इस आंदोलन में शामिल कुछ प्रमुख लोगों ने बाद में दावा किया कि इसे भारतीय जनता पार्टी और आरएसएस का गुप्त समर्थन प्राप्त था।

सोनिया के अनुसार, अन्ना हजारे को बड़े प्रचार और तामझाम के साथ दिल्ली लाया गया था, जहां उन्होंने भ्रष्टाचार के विरोध में अनशन शुरू किया। इस आंदोलन के कारण तत्कालीन संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) सरकार और कांग्रेस रक्षात्मक स्थिति में आ गई थी।

सोनिया गांधी ने अपनी पुस्तक में यह भी लिखा है कि विरोधियों का वास्तविक उद्देश्य यूपीए सरकार को सत्ता से हटाना था। जब यह उद्देश्य पूरा हो गया तो अन्ना हजारे के बारे में न तो कुछ सुनने को मिला और न ही उनके आंदोलन को लेकर कोई चर्चा हुई।

सोनिया की इस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए अन्ना हजारे ने बुधवार को कहा कि यह आरोप पूरी तरह गलत है। उन्होंने कहा कि मैं किसी राजनीतिक पार्टी के बारे में नहीं सोचता। मेरे लिए केवल समाज और देश महत्वपूर्ण हैं। आरएसएस और भाजपा के लोग भी मेरे आंदोलन के कारण घर गए थे। इसका मतलब यह नहीं कि मेरा उनसे कोई संबंध है।

उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर किस आधार पर यह कहा जा रहा है कि उनके आंदोलन के कारण मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली सरकार को 2014 के चुनाव में हार का सामना करना पड़ा। अन्ना ने कहा कि सोनिया गांधी ने उन्हें कभी देखा नहीं और न ही उनकी उनसे मुलाकात हुई है। ऐसे में बिना एक-दूसरे को जाने इस तरह की टिप्पणी करना कितना उचित है?

उन्होंने कहा कि जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों को जिम्मेदारी के साथ बोलना चाहिए। अस्पष्ट और आधारहीन बातें करने से व्यक्ति की अपनी छवि भी प्रभावित होती है।

उन्होंने कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन समाज और देश की सेवा के लिए समर्पित किया है। लोग उनके बारे में क्या कहते हैं, इससे उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता। वह आगे भी अपनी जिम्मेदारी निभाते रहेंगे।

अन्ना ने यह भी बताया कि उनकी आगामी पुस्तक 'अन्ना हजारे : ग्राम योगी' में उनके जीवन का पूरा सफर दर्ज है। उन्होंने लोगों से इस पुस्तक को पढ़ने की अपील करते हुए कहा कि इससे उन्हें उनके जीवन और सामाजिक कार्यों के बारे में जानने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने कहा कि वह दूसरों की टिप्पणियों की चिंता करने के बजाय समाज के लिए काम करने में विश्वास रखते हैं। सूखे जैसी परिस्थितियों में प्रभावित लोगों की मदद के लिए अपनी पेंशन की राशि खर्च करने का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि समाज के लिए वास्तविक काम करना ही सबसे महत्वपूर्ण है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।