महाराष्ट्र: 'अगर तुम्हारे पास पैसे नहीं तो ऑर्डर क्यों किया', पार्सल लेने से मना करने पर डिलीवरी ब्वॉय ने की मारपीट
अंबरनाथ पूर्व में लक्ष्मी पूजन के दिन ऑनलाइन पार्सल डिलीवरी को लेकर हुए विवाद में एक डिलीवरी ब्वॉय ने बुजुर्ग ...और पढ़ें
HighLights
लक्ष्मी पूजन के दिन पार्सल डिलीवरी पर विवाद हुआ।
डिलीवरी ब्वॉय ने बुजुर्ग दंपत्ति से गाली-गलौज और मारपीट की।
बाद में डिलीवरी ब्वॉय ने साथियों संग युवक पर हमला किया।
डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र के अंबरनाथ पूर्व में लक्ष्मी पूजन के दिन ऑनलाइन पार्सल की डिलीवरी को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। जहां बी केबिन रोड स्थित शारदा अपार्टमेंट में पूजा के दौरान पार्सल लेने से मना करने पर एक डिलीवरी ब्वॉय ने बुजुर्ग दंपत्ति से गाली-गलौज और मारपीट की।
यह मामला यहीं शांत नहीं हुआ, अगले दिन रंजिश रखते हुए आरोपित अपने सात-आठ साथियों के साथ लौटा और बीच-बचाव करने वाले एक युवक पर भी हमला कर दिया।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, वसंत सालुंखे के बेटे ने अमेजन से कुछ सामान मंगाया था। लक्ष्मी पूजन के दिन सुबह करीब 10:30 बजे, एक डिलीवरी बॉय पार्सल लेकर उनके घर पहुंचा। इस दौरान परिवार लक्ष्मी पूजन कर रहा था।
सालुंखे ने डिलीवरी ब्वॉय से शाम को या अगले दिन आने, या फिर ऑर्डर रद करने के लिए कहा, क्योंकि वह उस वक्त उस आर्डर का पेमेंट नहीं कर सकते थे।
बुजुर्ग को दिया धक्का
आरोप है कि इसको लेकर डिलीवरी ब्वॉय नाराज हो गया और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया। विवाद तब और बढ़ गया जब डिलीवरी ब्वॉय ने बुजुर्ग व्यक्ति और उनकी पत्नी को धक्का दिया और उनके साथ मारपीट की, जिससे वे घायल हो गए।
तुमने ऑर्डर क्यों किया?
सालुंखे ने बताया कि जब डिलीवरी ब्वॉय लिफ्ट में जा रहा था, तो उसने कहा, 'अगर तुम इसे खरीद नहीं सकते थे, तुम्हारे पास पैसे नहीं तो तुमने ऑर्डर ही क्यों किया?' मैंने उसकी भाषा पर सवाल उठाया, जिस पर उसने मुझे धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया और मेरे साथ मारपीट की। मुझे चोटें आईं, खासकर मेरी आँख के पास। इसके जवाब में मैंने भी उस पर हमला किया।
टीओआई की रिपोर्ट के अनुसार, शुरुआत में दोनों पक्ष पुलिस के पास गए, जिसके बाद पुलिस ने उनके खिलाफ क्रॉस नॉन-कॉग्निजेबल अपराध दर्ज किए। सालुंखे ने दावा किया कि बाद में पुलिस अधिकारियों ने हस्तक्षेप किया और दोनों पक्षों से कहा कि वे आगे कोई कार्रवाई न करें।
हालांकि, यह मामला तब और बिगड़ गया, जब डिलीवरी ब्वॉय अगले दिन अपने सात-आठ दोस्तों के साथ दो-तीन गाड़ियों में आया और एक युवक के साथ मारपीट की। यह युवक सालुंखे के बेटे का दोस्त था और उसने इस विवाद में बीच-बचाव किया था। युवक की आंख और जबड़े में गंभीर चोटें आईं हैं।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या डिलीवरी ब्वॉय पहले भी ऐसी घटनाओं में शामिल रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।