विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

तापमान 46.9°C..., महाराष्ट्र का ओकला बना देश का सबसे गर्म शहर, बाकी शहरों का क्या है हाल?

Published: Mon, 27 Apr 2026 04:22 PM (IST)

पूरा देश भीषण गर्मी की चपेट में है, महाराष्ट्र का अकोला 46.9°C के साथ देश का सबसे गर्म शहर बन गया है।

अकोला में तापमान 46.9°C दर्ज। (फाइल)

अकोला में तापमान 46.9°C दर्ज। (फाइल)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पूरा देश गर्मी का सितम झेल रहा है। देश के कई शहरों में तापमान 45°C को पार कर गया है। मौसम विभाग ने सोमवार को बताया कि महाराष्ट्र के अकोला में देश का सबसे ज्यादा तापमान 46.9°C दर्ज किया गया, जबकि नागपुर और विदर्भ के कई अन्य हिस्सों में भीषण लू का प्रकोप रहा।

उन्होंने बताया कि राज्य के विदर्भ क्षेत्र के कुछ हिस्सों में मंगलवार तक लू की स्थिति बनी रहने की उम्मीद है, क्योंकि अधिकतम तापमान 45 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है और कुछ जगहों पर 47 डिग्री सेल्सियस तक भी जा सकता है।

अकोला में तापमान 46.9°C दर्ज

नागपुर स्थित मौसम विज्ञान विभाग के क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, रविवार को अकोला में 46.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो देश में सबसे ज्यादा था, इसके बाद अमरावती में 46.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

आंकड़ों को अनुसार, वर्धा में 46.4 डिग्री सेल्सियस, यवतमाल में 46 डिग्री सेल्सियस, नागपुर में 45.4 डिग्री सेल्सियस और चंद्रपुर में 45 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

अकोला, अमरावती, वर्धा में लू का प्रकोप

RMC के वैज्ञानिक डॉ. प्रवीण कुमार ने पीटीआई को बताया कि अकोला, अमरावती, वर्धा, यवतमाल, चंद्रपुर और नागपुर में लू की स्थिति बनी रही, जबकि कई अन्य जिलों में सामान्य से ज्यादा तापमान दर्ज किया गया।

उन्होने बताया कि विदर्भ में सामान्य से ज्यादा और लगातार ऊंचे तापमान का कारण महाराष्ट्र और आसपास के इलाकों में बना एक एंटीसाइक्लोनिक सर्कुलेशन हो सकता है। साथ ही, गर्म और शुष्क उत्तर-पश्चिमी हवाएं लगातार इस क्षेत्र को प्रभावित कर रही हैं। कमजोर पश्चिमी विक्षोभ और नमी की कमी या किसी भी महत्वपूर्ण मौसम प्रणाली के अभाव ने इस क्षेत्र में गर्मी को और बढ़ाने में योगदान दिया है।

अकोला, अमरावती और वर्धा में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, इस क्षेत्र के कुछ या अलग-अलग स्थानों पर मंगलवार तक लू की स्थिति जारी रहने की संभावना है। IMD ने मंगलवार के लिए अकोला, अमरावती और वर्धा के लिए 'ऑरेंज' अलर्ट और नागपुर, चंद्रपुर और यवतमाल के लिए 'येलो' अलर्ट जारी किया है। IMD ने कहा है कि अधिकतम तापमान 45 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुँचने की संभावना है, और कुछ जगहों पर यह 47 डिग्री सेल्सियस तक भी जा सकता है।

आने वाले दिनों में राहत की संभावना

IMD ने आगे बताया कि इसके बाद लू से राहत मिलने की उम्मीद है और तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है; साथ ही आने वाले दिनों में बारिश और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।