'2008 में हमारे पास सीमित विकल्प थे', 26/11 की बरसी पर वायुसेना प्रमुख की पाकिस्तान को दो टूक
वायुसेना प्रमुख आशुतोष दीक्षित ने 26/11 की बरसी पर कहा कि 2008 में भारत के पास आतंक के आकाओं को सबक सिखाने के सीमित विकल्प थे, लेकिन अब तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है।

26/11 की 18वीं बरसी पर बोले एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित। (फोटो- डीडी न्यूज)
HighLights
2008 में भारत के पास सीमित विकल्प थे।
उड़ी, पुलवामा के बाद भारत की प्रतिक्रिया में बदलाव।
'ऑपरेशन सिंदूर' ने आतंकी ठिकानों को नेस्तनाबूद किया।
डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई में 26 नवंबर 2008 की वह काली रात जब नृशंस आतंकी हमले में 166 निर्दोष लोगों ने अपने प्राण गंवाए थे, तब भारत के पास आतंक के आकाओं को सबक सिखाने के विकल्प बेहद सीमित थे। लेकिन आज तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है।
गुरुवार को 26/11 आतंकी हमले की 18वीं बरसी और संविधान दिवस के अवसर पर मुंबई विश्वविद्यालय में आयोजित व्याख्यान के दौरान वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि उड़ी, पुलवामा और पहलगाम की आतंकी घटनाओं के बाद भारत की प्रतिक्रिया के तरीके में 'बड़ा बदलाव' आया है और अब देश ने कड़े प्रहार किए हैं।
वायुसेना प्रमुख ने कहा कि 2008 के हमले पूरे राज्य के लिए एक परीक्षा थे, जिसमें खुफिया जानकारी साझा करने, तटीय निगरानी, प्रतिक्रिया की गति और विभिन्न एजेंसियों के बीच तालमेल में कमियां उजागर हुईं। लेकिन, 2008 के बाद भारत ने अपनी सुरक्षा व्यवस्था का कायाकल्प किया।
एनआइए के गठन, एनएसजी हब की स्थापना और नौसेना के नेतृत्व में तटीय सुरक्षा की मजबूती ने देश को अभेद्य बनाया। इसका परिणाम उड़ी के बाद सर्जिकल स्ट्राइक, पुलवामा के बाद बालाकोट एयरस्ट्राइक और अप्रैल 2025 में पहलगाम के नृशंस आतंकी हमले के जवाब में चलाए गए 'आपरेशन सिंदूर' के रूप में दुनिया ने देखा।
उन्होंने बताया कि 'आपरेशन सिंदूर' के तहत सटीक हमलों ने पाकिस्तान और गुलाम कश्मीर में नौ आतंकी ठिकानों को नेस्तनाबूद कर दिया। जब दुश्मन ने ड्रोन और मिसाइलों से हमारे शहरों को निशाना बनाने की कोशिश की, तो हमारे एकीकृत एयर डिफेंस ने उसे नाकाम कर दिया।
इसके बाद हमारी वायुसेना ने दुश्मन के 11 एयरबेस, रडार और कमांड सेंटर तबाह कर दिए, जिससे घबराकर दुश्मन ने महज चार दिनों में सैन्य कार्रवाई रोकने की गुहार लगाई। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत ने अब एक 'न्यू नार्मल' स्थापित कर दिया है - आतंक और बातचीत साथ नहीं चल सकते, और आतंकी तथा उनके समर्थकों में कोई भेद नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि 26/11 के बलिदानियों को सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हमारी 'अमृत पीढ़ी' 'मेक इन इंडिया' से आगे बढ़कर 'थिंक इन इंडिया' के साथ 2047 तक एक सशक्त और आत्मनिर्भर विकसित भारत का निर्माण करे।
सोर्स- न्यूज एजेंसी PTI के इनपुट के अनुसार
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।