Maharashtra: आप ने अरविंद केजरीवाल को धमकी देने वाले भाजपा कार्यकर्ता के खिलाफ की शिकायत
Maharashtra आप ने भाजपा कार्यकर्ता तजिंदर बग्गा के खिलाफ पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जान से मारने की धमकी देने को लेकर मुंबई पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मुंबई, आइएएनएस। आम आदमी पार्टी (आप) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ता तजिंदर बग्गा के खिलाफ पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जान से मारने की धमकी देने को लेकर मुंबई पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। बुधवार को एक निजी टीवी चैनल के साक्षात्कार के दौरान बग्गा ने केजरीवाल को मारने की धमकी देते हुए कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा उनको जीना नहीं देगा। आप की राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रीति शर्मा मेनन ने कहा कि दिल्ली में मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास पर तेजस्वी सूर्या और अन्य जैसे भाजयुमो कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए हमले के बाद यह बयान सामने आया है।
जुहू में दर्ज हुई शिकायत
इस घटनाक्रम के बाद आप मुंबई के कार्यकारी अध्यक्ष रूबेन मस्करेन्हास और आप युवा नेता आदित्य मांजरेकर ने बग्गा के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग को लेकर जुहू पुलिस स्टेशन में शिकायत की। उन्होंने कहा कि केजरीवाल भारतीय राजनीति में एक नई क्रांति के लेखक हैं औ स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली और पानी में उनके काम ने वैश्विक ख्याति प्राप्त की है। हाल ही में पंजाब विधानसभा चुनाव के नतीजों से बीजेपी घबराई हुई है। जैसा कि वे आप का राजनीतिक रूप से नहीं संभाल सकते, इसलिए वे हिंसक रणनीति और आपराधिक धमकी का सहारा लेते हैं। शर्मा मेनन ने कहा कि भारतीय गणराज्य में एक राज्य के एक निर्वाचित मुख्यमंत्री को इस तरह के धमकी एक गंभीर मुद्दा है, जिसमें तत्काल हस्तक्षेप की आवश्यकता है।
गौरतलब है कि पंजाब में शानदार जीत से उत्साहित आम आदमी पार्टी ने गुरुवार को आठ राज्यों के लिए संगठन मंत्री व चुनाव प्रभारी नियुक्त किए हैं। पार्टी के मुताबिक असम में महेश जोशी, गुजरात में दीपक चौहान, हरियाणा में प्रभाकर गौड़, कर्नाटक में दामोदरन, केरल में अजय राज, राजस्थान में दुष्यंत यादव और बिहार में राहुल तंवर को संगठन मंत्री बनाया है। हरियाणा में दिनेश प्रताप सिंह को सह प्रभारी बनाया गया है। हिमाचल प्रदेश में अजय दत्त को चुनाव सह प्रभारी बनाया गया है। आप के तेज तर्रार नेता दिलीप पांडेय को पार्टी ने कर्नाटक का चुनाव प्रभारी बनाया है, वहीं बादली से विधायक अजेश यादव को बिहार का चुनाव प्रभारी बनाया गया है।