महाराष्ट्र के नांदेड़ में 100 फीट गहरी खाई में गिरा तीर्थयात्रियों से भरा टेम्पो, 3 लोगों की मौत और तीन घायल
महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में तीर्थयात्रियों से भरा एक टेम्पो 100 फीट गहरी खाई में गिर गया, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए।

गहरी खाई में गिरा टेम्पो। (एआई द्वारा निर्मित फोटो।)
HighLights
नांदेड़ में तीर्थयात्रियों से भरा टेम्पो 100 फीट गहरी खाई में गिरा।
इस भीषण हादसे में तीन लोगों की दुखद मौत हुई और तीन घायल।
सामने से आए वाहन से बचने के दौरान चालक ने नियंत्रण खोया।
डिजिटल डेस्क, नांदेड़। महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में एक घाट रोड पर तीर्थयात्रियों से भरा एक टेम्पो लगभग 100 फीट गहरी खाई में गिर गया। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। इस बात की जानकारी पुलिस ने शनिवार को दी।
एक अधिकारी ने बताया कि यह हादसा शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे उस वक्त हुआ, जब यवतमाल से तीर्थयात्रियों को ले जा रहा टेम्पो माहुर तहसील के केरोली घाट पर एक तीव्र मोड़ से गुजर रहा था।
रॉन्ग साइड से आया दूसरा वाहन
हादसे का शिकार हुआ एक व्यक्ति फर्नीचर की दुकान पर काम करता था। वह नवरात्रि के त्योहार के दौरान माहुर के एक मंदिर के दर्शन करके यवतमाल लौट रहा था। पुलिस के अनुसार, टेम्पो घाट से नीचे उतर रहा था तभी सामने से आ रहा एक वाहन तेज गति से रॉन्ग साइड में आ गया।
बताया जा रहा है कि उस वाहन की तेज हेडलाइट्स की वजह से टेम्पो चालक को कुछ दिखाई नहीं दिया और टक्कर से बचने के लिए उसने टेम्पो को दूसरी तरफ मोड़ने की कोशिश की। मोड़ पर कोई मजबूत सुरक्षा दीवार या क्रैश बैरियर न होने के कारण चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और टेम्पो गहरी खाई में जा गिरा।
टेम्पो से बाहर जा गिरे यात्री
टेम्पो के ढलान से नीचे गिरने के दौरान, पीछे खुले कार्गो हिस्से में बैठे बाबाराव ज्ञानोबा टेकाम (60), राहुल सुधाकरराव ठाकरे (25) और प्रीतम रामराव प्रधान (38) बाहर जा गिरे। अधिकारी ने बताया कि ठाकरे और प्रधान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई।
अधिकारी के मुताबिक, टेम्पो के केबिन में बैठे चालक प्रतीक अरविंद अडकिने (26), दत्ता मनोहर मेश्राम (35) और यशवंत अरविंद पाटिल (25) को मामूली चोटें आईं और उनकी हालत स्थिर है। उन्होंने बताया कि रस्सियों और क्रेन की मदद से टेम्पो और उसमें सवार लोगों को बाहर निकाला गया।
