'26/11 भारत के खिलाफ साजिश और युद्ध भड़काने की कोशिश थी', मुंबई हमले की 18वीं बरसी पर बोले उज्ज्वल निकम
वरिष्ठ अधिवक्ता उज्ज्वल निकम ने 26/11 मुंबई हमलों को भारत के खिलाफ पाकिस्तान की साजिश और युद्ध भड़काने का प्रयास बताया, जिसमें पाकिस्तान की भूमिका के ठोस सबूत होने का दावा किया।

मुंबई हमले की 18वीं बरसी पर बोले उज्ज्वल निकम। (सोशल मीडिया)
HighLights
निकम ने 26/11 को पाकिस्तान की भारत के खिलाफ साजिश बताया।
डेविड हेडली की गवाही ने ISI-LeT साठगांठ उजागर की।
'बेबी मोशे' न्यूयॉर्क में रब्बी बनने की पढ़ाई कर रहे हैं।
डिजिटल डेस्क, मुंबई। वरिष्ठ अधिवक्ता और भाजपा सांसद उज्ज्वल निकम ने गुरुवार को कहा कि 2008 में मुंबई में हुए आतंकी हमले केवल शहर पर हमला नहीं था, बल्कि भारत के खिलाफ एक साजिश और पाकिस्तान की ओर से युद्ध भड़काने की कोशिश थी। मुंबई हमले की 18वीं बरसी पर निकम ने बताया कि भारत के पास इस साजिश में पाकिस्तान की भूमिका की ओर इशारा करने वाले ठोस सुबूत हैं।
निकम 26/11 आतंकी हमलों के मुकदमे में विशेष सरकारी अभियोजक थे। निकम ने साजिश के प्रमुख आरोपितों में से एक डेविड हेडली की मुंबई की अदालत में दी गई गवाही और शिकागो की अदालत में उसके पेश किए गए ईमेल पत्राचार का हवाला देते हुए पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी इंटर सर्विसेज इंटेलिजेंस (आईएसआई) और लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के बीच साठगांठ को भी रेखांकित किया।
निकम ने यह भी आरोप लगाया कि इस साजिश को अंजाम देने में पाकिस्तानी सेना के अधिकारी भी शामिल थे। उन्होंने कहा-"हेडली ने मुंबई की अदालत में इस बारे में विस्तृत जानकारी दी थी और हमने यह जानकारी पाकिस्तान के साथ साझा की है। दुर्भाग्य से पाकिस्तान इस मामले पर चुप्पी साधे हुए है।"
निकम ने कहा कि भारतीय 26 नवंबर, 2008 के हमले को कभी नहीं भूल सकते, इन हमलों में 166 लोगों की जान गई थी और देश के खिलाफ व्यापक आतंकी साजिश सामने आई थी। अजमल कसाब एकमात्र आतंकी था, जिसे जिंदा पकड़ा गया था जबकि सुरक्षा बलों ने नौ अन्य हमलावरों को मार गिराया था। कसाब को नवंबर 2012 में पुणे की यरवदा केंद्रीय जेल में फांसी दी गई थी।
मुंबई हमले में बचे ‘बेबी मोशे’ न्यूयॉर्क में कर रहे हैं रब्बी बनने की पढ़ाई
2008 में नरीमन हाउस पर हुए आतंकी हमले में बच गए इजरायल निवासी मोशे होल्ट्जबर्ग न्यूयार्क में रब्बी बनने की पढ़ाई कर रहे हैं। इस हमले में उनके माता-पिता की जान चली गई थी। ‘बेबी मोशे’ के नाम से चर्चित मोशे अपने पिता की तरह रब्बी बनना चाहते हैं। रब्बी आध्यात्मिक नेता, धार्मिक शिक्षक और कानून के विद्वान होते हैं।
नरीमन हाउस का प्रभार संभाल रहे रब्बी इजरायल कोजलोव्स्की ने बताया कि दो सप्ताह पहले न्यूयार्क में रब्बियों के एक सम्मेलन में उनकी मोशे से मुलाकात हुई थी। 26 नवंबर, 2008 के हमलों के दौरान पाकिस्तानी लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादियों ने जिन स्थानों को निशाना बनाया था, उनमें नरीमन हाउस भी शामिल था।
कोजलोव्स्की ने अपने मोबाइल फोन पर मोशे की एक तस्वीर दिखाते हुए कहा- "इस सम्मेलन में दुनियाभर के 4,000 से 5,000 रब्बी शामिल हुए थे और मोशे भी वहां मौजूद थे।" तस्वीर में मोशे पारंपरिक पोशाक में अन्य रब्बियों के साथ नजर आ रहे हैं। मुंबई आतंकी हमले के बाद लगातार रोते हुए दो साल के ‘बेबी मोशे’ का वीडियो दुनिया भर में चर्चा में आया था और उसने लाखों लोगों को भावुक कर दिया था।
मोशे के माता-पिता, रब्बी गव्रिएल होल्ट्जबर्ग और रिवका होल्ट्जबर्ग, उस समय मारे गए थे जब आतंकी यहां यहूदी समुदाय के केंद्र नरीमन हाउस में घुस आए थे। मोशे की आया सैंड्रा सैम्युअल उन्हें इमारत से बचाकर बाहर ले गई थीं। बाद में वह अपने दादा-दादी के साथ रहने इजरायल चले गए। उन्होंने आखिरी बार 2018 में इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ नरीमन हाउस का दौरा किया था।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।