राहुल गांधी के बालाघाट आगमन से पहले एक और आदिवासी बच्ची की मौत, मलेरिया समेत अन्य व्याधियों से थी पीड़ित
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बालाघाट दौरे से पहले बैगा अंचल में 11 वर्षीय आदिवासी बच्ची सुषमा मर्सकोले की मलेरिया ...और पढ़ें

राहुल गांधी के आगमन से पूर्व बालाघाट में एक और बच्ची की मौत।
HighLights
राहुल गांधी के दौरे से पहले बच्ची की मौत।
बालाघाट में मलेरिया व अन्य बीमारियों से मौत।
बैगा अंचल में अब तक 34 बच्चों की मौत।
डिजिटल डेस्क, बालाघाट। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बालाघाट पहुंचने से पहले बैगा अंचल में बीमारी से एक और बच्चे की मौत हो गई। उकवा क्षेत्र के सुंदरवाही गांव की 11 वर्षीय सुषमा मर्सकोले ने बुधवार देर रात जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वह करीब छह दिन से अस्पताल में भर्ती थी।
मलेरिया के साथ दूसरी व्याधियां भी
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शत्रुघ्न दाहिया ने बालिका की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सुषमा को मलेरिया था। उपचार के दौरान मलेरिया को नियंत्रित कर लिया गया था, लेकिन वह अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से भी जूझ रही थी और अचेत अवस्था में थी।
बुधवार रात करीब दो बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद करीब ढाई बजे परिजन एंबुलेंस से शव लेकर गांव पहुंचे। गुरुवार को उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
बैगा क्षेत्रों में अब तक 34 बच्चों की मौत
बालाघाट के बैहर और बिरसा विकासखंड के आदिवासी बैगा क्षेत्रों में मलेरिया, खसरा, कुपोषण और अन्य बीमारियों को लेकर लगातार चिंता बनी हुई है। उपलब्ध प्रशासनिक जानकारी के अनुसार अब तक 34 बच्चों की मौत हो चुकी है। हालांकि, बैहर से कांग्रेस विधायक संजय उइके ने मृत बच्चों की संख्या 43 होने का दावा किया है।
राहुल गांधी मिलेंगे मृत बच्चों के स्वजन से
इसी मामले को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी गुरुवार को प्रभावित बैगा क्षेत्र के दौरे पर पहुंच रहे हैं। वे करीब 3 बजे जगला गांव जाएंगे और बीमारी से जान गंवाने वाले बच्चों के परिजनों से मुलाकात करेंगे। जगला में बीमारी से चार बच्चों की मौत होने की जानकारी सामने आई है।
राहुल गांधी के दौरे से पहले आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रांत भूरिया और पूर्व विधायक हिना कांवरे भी क्षेत्र में पहुंच चुके हैं। राहुल गांधी के दौरे को देखते हुए प्रशासन और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ गई है।
