विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बेटा BJP विधायक, पिता सीमांकन के लिए 3 माह से काट रहे दफ्तरों के चक्कर; कांग्रेस ने सरकार को घेरा

Published: Thu, 03 Sep 2026 12:18 PM (IST)

सिंगरौली में भाजपा विधायक रामनिवास शाह के पिता उमा प्रसाद शाह अपनी जमीन के सीमांकन के लिए तीन महीने से ...और पढ़ें

भाजपा विधायक रामनिवास शाह के पिता अपनी जमीन के सीमांकन के लिए लंबे समय से राजस्व कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं। (वीडियो ग्रैब)

भाजपा विधायक रामनिवास शाह के पिता अपनी जमीन के सीमांकन के लिए लंबे समय से राजस्व कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं। (वीडियो ग्रैब)

HighLights

  1. भाजपा विधायक के पिता तीन माह से सीमांकन को परेशान।

  2. पटवारी पर टालमटोल और रिश्वत मांगने का आरोप।

  3. कलेक्टर ने एसडीएम को मामले की जांच के आदेश दिए।

डिजिटल डेस्क, सिंगरौली। फायर ब्रिगेड के वाहन से निजी गाड़ी धुलवाने के मामले को लेकर सुर्खियों में आए सिंगरौली से भाजपा विधायक रामनिवास शाह के पिता उमा प्रसाद शाह अब अपनी जमीन के सीमांकन को लेकर राजस्व कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं। उनका आरोप है कि संबंधित पटवारी पिछले तीन महीने से सीमांकन के मामले में उन्हें लगातार टाल रहा है। परेशान होकर उन्होंने मंगलवार को कलेक्टर की जनसुनवाई में पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत सुनने के बाद कलेक्टर गौरव बैनल ने मामले की जांच के निर्देश मांडा एसडीएम नंदन तिवारी को दिए हैं।

पटवारी पर लगाए गंभीर आरोप

उमा प्रसाद शाह का कहना है कि हल्का नंबर 18 के पटवारी प्रेम शंकर मिश्रा पिछले तीन महीने से सीमांकन के नाम पर उन्हें लगातार गुमराह कर रहे हैं। उनके मुताबिक, पटवारी ने अपनी रिपोर्ट में यह तक लिख दिया कि आवेदक स्वयं सीमांकन नहीं चाहता।

शाह ने आरोप लगाया कि पटवारी बिना पैसे के कोई काम नहीं करता और तहसीलदार से कथित सांठगांठ कर उनका प्रकरण खारिज करवा दिया गया। हालांकि, ये आरोप शिकायतकर्ता की ओर से लगाए गए हैं और मामले की प्रशासनिक जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

निष्पक्ष जांच की मांग

उमा प्रसाद शाह ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सीमांकन आवेदन, राजस्व रिकॉर्ड, आदेश-पत्र और पटवारी द्वारा की गई कार्रवाई की जांच होनी चाहिए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि सीमांकन की प्रक्रिया में देरी किस स्तर पर और क्यों हुई।

शाह के अनुसार, उन्होंने मामले की शिकायत मुख्य सचिव, संभागीय आयुक्त और मानवाधिकार आयोग को भी भेजी है। अब प्रशासन की जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि सीमांकन प्रकरण में देरी के पीछे वास्तविक कारण क्या रहा।

यह भी पढ़ें- तीन साल की बच्ची से दुष्कर्म-हत्या के दोषी की फांसी की सजा आजीवन कारावास में बदली; MP हाईकोर्ट का बड़ा फैसला

कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना

मामले को लेकर जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब एक भाजपा विधायक के पिता को अपनी समस्या के समाधान के लिए राजस्व कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, तो आम लोगों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि प्रदेश में गरीब और आम लोगों की समस्याओं को सुनने वाला कोई नहीं है।