शहडोल में सनसनीखेज वारदात: जादू-टोने के शक में जेठानी ने देवरानी का गला घोंटा, बेटी की बीमारी के लिए मानती थी जिम्मेदार
मध्य प्रदेश के शहडोल में जादू-टोने के शक में एक महिला ने अपनी देवरानी का गला घोंटकर हत्या कर दी। ...और पढ़ें

-मौके पर पड़ताल करती पुलिस।
HighLights
शहडोल में जादू-टोने के शक में देवरानी की हत्या।
आरोपी जेठानी ने चुन्नी से गला घोंटकर ली जान।
बेटी की बीमारी को लेकर था अंधविश्वास का शक।
डिजिटल डेस्क, जबलपुर। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में अंधविश्वास ने एक महिला की जान ले ली। सीधी थाना क्षेत्र के छत्ता गांव में बेटी की बीमारी के पीछे जादू-टोने का शक होने पर एक महिला ने अपनी ही देवरानी की गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद गांव में सनसनी फैल गई।
देवरानी पर जादू-टोना करने का शक
मृतका की पहचान सुखरानिया बाई के रूप में हुई है, जबकि पुलिस ने आरोपित महिला की पहचान मुन्नी बाई के तौर पर की है। पुलिस के अनुसार, मुन्नी बाई की बेटी अक्सर बीमार रहती थी। उसे संदेह था कि सुखरानिया उसके परिवार पर जादू-टोना करती हैं और इसी वजह से बेटी की तबीयत खराब रहती है। इसी शक को लेकर दोनों महिलाओं के बीच पहले भी विवाद हो चुका था।
चुन्नी से घोंट दिया गला
बुधवार सुबह सुखरानिया अपने घर के पास मवेशियों को चारा खिला रही थीं। इसी दौरान मुन्नी बाई वहां पहुंची और चुन्नी से सुखरानिया का गला घोंट दिया। दम घुटने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
यह भी पढ़ें- बिना जांच जहरीली शराब बताकर ‘सागर गोल्ड’ पर लगाया बैन, जबलपुर के सहायक आबकारी आयुक्त को नोटिस
घटना की जानकारी मिलते ही सीधी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपित मुन्नी बाई को हिरासत में ले लिया है। उसके खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर पूछताछ की जा रही है।
