विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शहडोल में NH-43 पर कार ने मोटरसाइकिल को मारी टक्कर, दो युवकों की मौत; आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर लगाया जाम

Published: Thu, 01 Oct 2026 10:44 PM (IST)

शहडोल जिले में NH-43 पर एक तेज रफ्तार कार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे दो युवकों की मौत ...और पढ़ें

हादसे के बाद सड़क पर लगा जाम।

हादसे के बाद सड़क पर लगा जाम।

HighLights

  1. शहडोल में NH-43 पर कार-मोटरसाइकिल की भीषण टक्कर हुई।

  2. हादसे में दो युवकों की मौके पर और इलाज के दौरान मौत।

  3. आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।

डिजिटल डेस्क, शहडोल। जिले के सोहागपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-43 पर तेज रफ्तार कार ने सामने से आ रही मोटरसाइकिल को सीधी टक्कर मार दी। गुरुवार रात तकरीबन 8 बजे हुए इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दूसरे युवक ने मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दो युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहे थे। तभी धुरवार तिराहे के समीप सामने से तेज गति में आ रही कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। घटना के तुरंत बाद एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

सूचना मिलते ही सोहागपुर पुलिस मौके पर पहुंची और लहूलुहान पड़े दूसरे युवक को तुरंत मेडिकल कॉलेज भिजवाया, लेकिन डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद उसे भी नहीं बचाया जा सका।

हादसे के बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने हाईवे पर उतरकर नारेबाजी शुरू कर दी और पूरी सड़क को ब्लॉक कर दिया। अचानक हुए इस चक्काजाम से हाईवे पर दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे बसों और गाड़ियों में फंसे यात्रियों और चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

यह भी पढ़ें- डिंडौरी में खड़ी कार से टकराई तेज रफ्तार बाइक, कांच तोड़कर अंदर घुसा युवक; गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

स्थिति बिगड़ती देख सोहागपुर पुलिस के साथ ट्रैफिक पुलिस प्रभारी और जवान मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों को काफी देर तक समझाया और उचित कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिया। अधिकारियों की समझाइश के बाद लोग शांत हुए और रात 9 बजे हाईवे पर यातायात दोबारा बहाल हो सका।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दोनों मृतक आसपास के ही ग्रामीण इलाकों के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भर लिया है और आरोपित कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर घटना की बारीकी से जांच शुरू कर दी है।