शहडोल में खेत में फैले करंट से हाथी की मौत, हादसा या साजिश? वन विभाग ने शुरू की जांच
शहडोल जिले के चंदौली गांव में खेत में फैले करंट की चपेट में आने से एक नर हाथी की मौत ...और पढ़ें

खेत में मृत पड़ा हाथी। (सौजन्य- इंटरनेट मीडिया)
HighLights
शहडोल में खेत में करंट से हाथी की मौत।
वन विभाग ने घटना की जांच शुरू की।
हादसा था या साजिश, पड़ताल जारी।
डिजिटल डेस्क, जबलपुर। प्रदेश के शहडोल जिले में एक नर हाथी की करंट लगने से मौत हो गई। घटना देवलोंद थाना क्षेत्र के चंदौली गांव की है, जहां हाथी खेत में पहुंचा था। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, खेत में बोरवेल के पास फैले करंट की चपेट में आने से उसकी जान चली गई। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग में हड़कंप मच गया। डीएफओ तरुणा वर्मा समेत विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
वन विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि हाथी की मौत बिजली के तारों या अन्य विद्युत व्यवस्था से फैले करंट के कारण हुई, अथवा उसे जानबूझकर मारने के लिए करंट फैलाया गया था। फिलहाल, घटना की वास्तविक परिस्थितियां जांच के बाद ही स्पष्ट होंगी।
देवलोंद-बाणसागर के जंगलों में घूम रहा हाथियों का झुंड
देवलोंद और बाणसागर क्षेत्र के जंगलों में पिछले कुछ वर्षों से एक दर्जन से अधिक हाथियों का झुंड विचरण कर रहा है। हालांकि, चंदौली गांव में मृत मिला हाथी इसी झुंड का हिस्सा था या किसी दूसरे इलाके से यहां पहुंचा था, इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
हाथी की मौत ऐसे समय हुई है, जब क्षेत्र के ग्रामीण पहले से ही हाथियों की आवाजाही और उनसे होने वाले नुकसान को लेकर परेशान हैं। एक दिन पहले ही बाणसागर क्षेत्र की जगमल पंचायत के सेझहरी गांव के लोगों ने हाथियों के कारण पैदा हो रही समस्याओं की जानकारी दी थी।
शाम होते ही गांव के पास पहुंच जाते हैं हाथी
ग्रामीणों के मुताबिक, हाथियों का झुंड शाम होते ही गांव के आसपास पहुंच जाता है। इस दौरान कच्चे मकानों और खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचने की शिकायतें सामने आती रही हैं।
हाथियों की आवाजाही के दौरान बिजली आपूर्ति बंद होने से गांव में अंधेरा छा जाता है। ऐसे में ग्रामीण लाठी और मशाल लेकर रात में पहरा देने को मजबूर हैं। लोगों को अपनी सुरक्षा के साथ-साथ घरों और फसलों की चिंता भी सताती है।
यह भी पढ़ें- मंडला में नर्मदा स्नान को जा रहे श्रद्धालुओं से भरा ऑटो 25 फीट गहरी खाई में गिरा, 16 घायल; चार जबलपुर रेफर
सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
चंदौली गांव में हाथी की मौत के बाद क्षेत्र में वन्यजीवों की सुरक्षा और बिजली से जुड़े संभावित खतरों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। यदि खेत में जानबूझकर करंट फैलाया गया था, तो यह जांच का अहम पहलू होगा। वहीं, यदि घटना बिजली व्यवस्था में लापरवाही के कारण हुई है, तो उसकी जिम्मेदारी भी जांच के दायरे में आएगी।
डीएफओ तरुणा वर्मा ने बताया कि हाथी की मौत के कारणों की जांच कराई जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना दुर्घटनावश हुई या हाथी को मारने के लिए जानबूझकर करंट फैलाया गया था। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
