विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शहडोल में डॉक्टर के घर 8 साल की बच्ची से हैवानियत, गर्म चिमटे से दागा; पड़ोसी के घर पहुंचकर मासूम ने सुनाई आपबीती

Published: Thu, 01 Oct 2026 06:51 PM (IST)

शहडोल में एक डॉक्टर दंपती पर 8 साल की बच्ची को गर्म चिमटे से दागने और प्रताड़ित करने का आरोप ...और पढ़ें

गर्म चीज से दागने के चलते बच्ची की पीठ पर पड़े निशान। (वीडियो ग्रैब)

गर्म चीज से दागने के चलते बच्ची की पीठ पर पड़े निशान। (वीडियो ग्रैब)

HighLights

  1. शहडोल में डॉक्टर दंपती पर 8 साल की बच्ची को प्रताड़ित करने का आरोप।

  2. बच्ची को गर्म चिमटे से दागा गया, वह पड़ोसी के घर पहुंची।

  3. पुलिस और बाल विकास विभाग ने मामले की जांच शुरू की है।

डिजिटल डेस्क, जबलपुर। शहडोल के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित आशीर्वाद कॉलोनी में एक डाक्टर दंपती के घर में आठ साल की बच्ची पर अत्याचार करने का मामला प्रकाश में आया है। इस बच्ची के शरीर पर किसी गर्म चीज से दागने की बात सामने आई है। जिस डॉक्टर के घर की की ये घटना है, वह जिला अस्पताल में पदस्थ हैं। इस मामले में पुलिस और महिला बाल विकास विभाग कार्रवाई कर रहा है।

पड़ोसी के घर पहुंची बच्ची

जानकारी के अनुसार पीड़ित बच्ची किसी तरह से डॉक्टर के घर से भागकर पड़ोसी के यहां पहुंची। वह काफी डरी हुई थी। पड़ोसी ने इसकी सूचना महिला एवं बाल विकास विभाग की बाल संरक्षण विंग के टोल-फ्री नंबर पर दी। इसके बाद मौके पर पहुंचे महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने बच्ची को अपने संरक्षण में लेकर मामले की सूचना पुलिस को दी।

माता-पिता का हो चुका निधन

बताया जाता है कि पीड़ित आठ वर्षीय बच्ची उत्तर प्रदेश के बांदा की रहने वाली है। उसके माता-पिता दोनों की मृत्यु हो चुकी है। इस बच्ची की परवरिश के लिए करीब छह माह पूर्व डॉ. बीआर प्रजापति और उनकी पत्नी अपने साथ लेकर शहडोल आ गए थे।

डॉक्टर दंपती करते थे प्रताड़ित

बच्ची का आरोप है कि उससे झाड़ू-पोंछा और घर का काम कराया जाता है। विरोध करने पर मारपीट भी की जाती है। उसके शरीर को गर्म चिमटे से दागा गया है। डॉ. बीआर प्रजापति का कहना है कि बच्ची उनकी पत्नी की रिश्तेदार है, जो कि घूमने के लिए यहां आई थी। उन्होंने बच्ची से ज्यादती के आरोपों को लेकर कुछ नहीं कहा।

यह भी पढ़ें- जबलपुर में कार की टक्कर से पलटी स्कूल वैन, आठ बच्‍चे घायल; सड़क पर मची अफरा-तफरी

कोतवाली प्रभारी राघवेंद्र तिवारी ने बताया कि बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। उसके स्वजन और बाल संरक्षण से जुड़े जिम्मेदारों को सूचना दी गई है। मेडिकल रिपोर्ट और बच्ची के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।