विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सिवनी होटल गांजा कांड में निलंबित ASP व SDOP भोपाल अटैच, 5 को जबलपुर बुलाया; जांच अधिकारी के पुराने संबंधों पर भी सवाल

Published: Thu, 19 Nov 2026 10:31 PM (IST)

सिवनी होटल गांजा कांड में प्रेमी युगल को झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने के आरोप में एएसपी दीपक मिश्रा और एसडीओपी चंचलेश मरकाम को निलंबित कर भोपाल अटैच किया गया है। इस मामले में पांच अन्य पुलिसकर्मियों को भी सस्पेंड कर जबलपुर बुलाया गया है, जबकि जांच अधिकारी के पुराने संबंधों पर सवाल उठ रहे हैं।

निलंबित एएसपी दीपक मिश्रा व एसडीओपी चंचलेश मरकाम।

निलंबित एएसपी दीपक मिश्रा व एसडीओपी चंचलेश मरकाम।

HighLights

  1. गांजा कांड ने सिवनी पुलिस की साख पर लगाया बट्टा।

  2. एएसपी दीपक मिश्रा को विधायक ने ही दिलवाई थी पोस्टिंग।

  3. हवाला कांड में संगठित लूट के बाद भी हुई थी किरकिरी।

डिजिटल डेस्क, सिवनी। होटल में प्रेमी युगल को गांजा के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने के आरोपों से घिरे सिवनी पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई का दायरा बढ़ गया है। गृह विभाग ने मामले के मुख्य किरदार एएसपी दीपक मिश्रा और एसडीओपी चंचलेश मरकाम को निलंबित कर दिया है। वहीं, जबलपुर रेंज के आइजी प्रमोद कुमार वर्मा ने पांच अन्य पुलिसकर्मियों को भी सस्पेंड कर दिया है। सभी निलंबित अधिकारियों-कर्मचारियों को मुख्यालय से अटैच किया गया है।

गृह विभाग की अवर सचिव अन्नू भलावी ने बुधवार को एएसपी दीपक मिश्रा और एसडीओपी चंचलेश मरकाम के निलंबन आदेश जारी किए। दोनों को पुलिस मुख्यालय भोपाल अटैच किया गया है। दूसरी ओर, आइजी ने कोतवाली टीआई सतीश तिवारी, प्रधान आरक्षक नवीन तिवारी, एएसपी के वाहन चालक आरक्षक कृष्ण परते, गनमैन सलमान खान और यातायात प्रभारी विजय बघेल को निलंबित कर रक्षित केंद्र जबलपुर अटैच किया है।

जांच अधिकारी के पुराने संबंधों पर उठे सवाल

होटल कांड की जांच छिंदवाड़ा रेंज के डीआईजी राकेश कुमार सिंह को सौंपी गई है। हालांकि, उनके और निलंबित एएसपी दीपक मिश्रा के बीच पूर्व में साथ काम करने के संबंधों को लेकर जांच की निष्पक्षता पर सवाल उठने लगे हैं।

बताया गया है कि डीआईजी राकेश सिंह करीब चार साल पहले तक सिवनी के एसपी रहे थे। उस दौरान दीपक मिश्रा लखनादौन में एसडीओपी के पद पर पदस्थ थे। ऐसे में दोनों के पुराने कार्य संबंधों को लेकर जांच की निष्पक्षता पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं।

भाजपा विधायक ने की थी एएसपी की पदस्थापना की सिफारिश

इस मामले में एक और राजनीतिक पहलू सामने आया है। भोपाल में शिकायत करने वाले सिवनी से भाजपा विधायक दिनेश राय मुनमुन ने स्वीकार किया है कि उन्होंने दीपक मिश्रा की सिवनी में पदस्थापना के लिए सिफारिश की थी।

मिश्रा सिवनी जिले में करीब डेढ़ दशक के दौरान घंसौर और कोतवाली थाना प्रभारी, खवासा बॉर्डर पर आरटीओ तथा लखनादौन एसडीओपी के पद पर रह चुके हैं। जुलाई 2025 में उन्हें सिवनी का एएसपी बनाए जाने के लिए विधायक से अनुशंसा पत्र लिखवाया गया था। लखनादौन में एसडीओपी रहते हुए मिश्रा के कामकाज से विधायक प्रभावित थे।

यह भी पढ़ें- होटल में ठहरे प्रेमी जोड़े को गांजा रखकर फंसाने की धमकी; सिवनी के ASP-SDOP समेत 7 पुलिसकर्मी निलंबित

विपक्ष ने सरकार को घेरा, पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल

होटल कांड को लेकर विपक्ष ने भी सरकार पर हमला तेज कर दिया है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष जीतू पटवारी ने इंटरनेट मीडिया पर घटना का वीडियो साझा करते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पुलिस की गुंडागर्दी भाजपा सरकार के राज में फैले भ्रष्टाचार को उजागर करती है। जब रक्षक ही भक्षक बन जाएं तो आम आदमी न्याय के लिए किसके पास जाए?

गुरुवार को अधिवक्ताओं और बजरंग दल के प्रतिनिधियों ने डीआईजी को पत्र सौंपकर मामले में अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की। वहीं, कुछ अधिवक्ताओं ने बुधवार को राज्यपाल, मुख्यमंत्री और डीजीपी के नाम ज्ञापन देकर एसपी कृष्ण लालचंदानी को जिले से हटाने की मांग उठाई।

हवाला कांड में भी हुई थी पुलिस की किरकिरी

सिवनी पुलिस की कार्यप्रणाली पर पहले भी गंभीर सवाल उठ चुके हैं। अक्टूबर 2025 में सामने आए हवाला कांड में करीब तीन करोड़ रुपये की संगठित लूट का मामला उजागर हुआ था। उस प्रकरण में एसडीओपी पूजा पांडे सहित 11 पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई हुई थी। अब होटल कांड ने एक बार फिर जिले की पुलिस व्यवस्था को सवालों के घेरे में ला दिया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।