सतना में मोबाइल चोरी के शक में 8 साल के बच्चे से बर्बरता! कपड़े उतारकर बेरहमी से पीटा, करंट लगाने-नाखून उखाड़ने का भी आरोप
सतना जिले में मोबाइल चोरी के शक में एक 8 वर्षीय बच्चे के साथ बर्बरता का मामला सामने आया है। ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
चित्रकूट के गुप्त गोदावरी इलाके में बच्चे के साथ की बर्बरता।
बच्चे को कपड़े उतारकर पीटा गया, करंट लगाने के आरोप।
पुलिस ने तीन आरोपितों पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
डिजिटल डेस्क, जबलपुर। मध्य प्रदेश के सतना जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल गुप्त गोदावरी में मोबाइल चोरी के शक में आठ साल के बच्चे के साथ बर्बरता का मामला सामने आया है। बच्चे को मोबाइल दुकान के अंदर ले जाकर उसके कपड़े उतारे गए, हाथ-पैर बांधकर मारपीट की गई। इतना ही नहीं, उसे करंट लगाने और पैरों के नाखून उखाड़ने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं।
घटना का एक वीडियो मंगलवार को सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया। पीड़ित बच्चे के पिता की शिकायत पर चित्रकूट पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस वीडियो की सत्यता और उसमें दिखाई दे रहे घटनाक्रम समेत अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।
मोबाइल चोरी के शक में बच्चे से बर्बरता
पुलिस के मुताबिक, चित्रकूट से करीब 18 किलोमीटर दूर गुप्त गोदावरी में राजेश पटेल की मोबाइल की दुकान है। आरोप है कि मोबाइल चोरी के संदेह में राजेश पटेल और उसके दो साथियों ने बच्चे को दुकान के अंदर ले जाकर उसके साथ मारपीट की।
शिकायत में बच्चे के कपड़े उतारने, हाथ-पैर बांधने और घंटों प्रताड़ित करने के आरोप लगाए गए हैं। पीड़ित पक्ष ने यह भी आरोप लगाया है कि बच्चे को करंट दिया गया और उसके पैरों के नाखून उखाड़े गए।
प्रताड़ना का वीडियो सामने आया
बच्चे को प्रताड़ित करने का वीडियो भी बनाया गया। मंगलवार को यह वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने इसे जांच में शामिल कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो की प्रमाणिकता, घटनाक्रम और उसमें दिखाई दे रहे लोगों की भूमिका की पुष्टि की जा रही है।
तीन लोगों के खिलाफ केस, गिरफ्तारी के प्रयास
संभागीय पुलिस अधिकारी राजेश सिंह बंजारे के अनुसार मामले में राजेश पटेल के साथ रिंकू पटेल और शिवाकांत पटेल, दोनों निवासी ग्राम टेढ़ी, थाना नयागांव, सतना को आरोपित बनाया गया है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर लिया है और आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में बच्चे के साथ हुई कथित मारपीट और प्रताड़ना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
