विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जबलपुर कोर्ट में दो घंटे चला ‘सरेंडर ड्रामा’: त्विषा के पति समर्थ का पैंतरा फेल, भोपाल पुलिस ने हिरासत में लिया

Published: Fri, 22 May 2026 09:14 PM (IST)Updated: Fri, 22 May 2026 09:20 PM (IST)

त्विषा शर्मा मौत मामले में मुख्य आरोपित पति समर्थ सिंह ने जबलपुर कोर्ट में आत्मसमर्पण की कोशिश की, लेकिन उसकी ...और पढ़ें

जबलपुर कोर्ट परिसर में समर्थ सिंह (वीडियो ग्रैब)

जबलपुर कोर्ट परिसर में समर्थ सिंह (वीडियो ग्रैब)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, जबलपुर। नोएडा से भोपाल में ब्याही गई त्विषा शर्मा की मौत के मामले में शुक्रवार को जबलपुर जिला अदालत परिसर हाई-वोल्टेज घटनाक्रम का केंद्र बन गया। मामले के मुख्य आरोपित समर्थ सिंह ने गिरफ्तारी से बचने के लिए जबलपुर कोर्ट में सरेंडर की कोशिश की, लेकिन कानूनी क्षेत्राधिकार की दीवार के आगे उसकी यह रणनीति काम नहीं आई।

करीब दो घंटे तक अदालत परिसर में चले नाटकीय घटनाक्रम के बाद समर्थ सिंह को कोई राहत नहीं मिली और अंततः भोपाल पुलिस उसे हिरासत में लेकर रवाना हो गई। अब उसे भोपाल की सक्षम अदालत में पेश किया जाएगा, जहां उसके खिलाफ मामला दर्ज है।

सरेंडर की कोशिश पर नहीं मिला कानूनी आधार

जानकारी के अनुसार समर्थ सिंह शुक्रवार को जबलपुर जिला अदालत पहुंचा और आत्मसमर्पण की प्रक्रिया शुरू कराने का प्रयास किया। हालांकि कानूनी प्रावधानों के अनुसार इस मामले में सरेंडर केवल भोपाल की ट्रायल कोर्ट में ही मान्य हो सकता था।

इसी कारण मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी कोर्ट से लेकर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत तक कहीं भी उसके आवेदन पर कोई आदेश पारित नहीं किया गया। क्षेत्राधिकार के अभाव में समर्थ की पूरी कानूनी कवायद बेअसर साबित हुई।

कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी और लगातार बदलती रणनीति

अदालत परिसर में समर्थ और उसके वकीलों की गतिविधियां पूरे समय चर्चा का विषय बनी रहीं। कभी सीजेएम कोर्ट तो कभी जिला एवं सत्र न्यायाधीश कोर्ट, फिर बार एसोसिएशन कक्ष—करीब दो घंटे तक समर्थ और उसके सहयोगी अलग-अलग कानूनी विकल्प तलाशते नजर आए।

मास्क, गमछा और टोपी में पहुंचा समर्थ

इस दौरान कोर्ट परिसर में भारी भीड़, हलचल और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। समर्थ सिंह मीडिया की नजरों से बचने के लिए मास्क, टोपी, चश्मा और गमछे में खुद को छिपाते हुए इधर-उधर आते-जाते दिखाई दिया।

वकीलों और मीडिया के बीच तनाव की स्थिति

घटनाक्रम के दौरान कुछ मीडियाकर्मियों और त्विषा पक्ष के अधिवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने धक्का-मुक्की और अभद्र व्यवहार के आरोप भी लगाए। आरोप है कि समर्थ के समर्थन में मौजूद कुछ लोगों और वकीलों ने कवरेज रोकने की कोशिश की, जिससे परिसर में तनाव की स्थिति बन गई।

भोपाल पुलिस ने लिया हिरासत में

जबलपुर अदालत से कोई राहत नहीं मिलने के बाद देर शाम भोपाल पुलिस सक्रिय हुई। बताया गया कि पुलिस समर्थ सिंह को जिला बार रूम से लगी सीढ़ियों के रास्ते सुरक्षित बाहर लेकर गई और ओमती थाने पहुंचाया। वहां से उसे हिरासत में लेकर भोपाल रवाना किया गया।

अब इस हाई-प्रोफाइल मामले में आगे की कार्रवाई भोपाल की अदालत में होगी, जहां समर्थ सिंह की पेशी और पुलिस की अगली कानूनी रणनीति पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।

यह भी पढ़ें- 'घर पर तो जज त्विषा ही होंगी...' शादी का मजाक बना दर्दनाक याद, मौत के बाद वायरल हुआ वेडिंग ट्रेलर