विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'घर पर तो जज त्विषा ही होंगी...' शादी का मजाक बना दर्दनाक याद, मौत के बाद वायरल हुआ वेडिंग ट्रेलर

Published: Fri, 22 May 2026 05:05 PM (IST)

नोएडा की त्विषा शर्मा की संदिग्ध मौत के बाद उनका वेडिंग ट्रेलर इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें शादी कार्यक्रम के हल्के-फुल्के, हंसी-मजाक के पल कैद हैं।

समर्थ सिंह व त्विषा शर्मा।

समर्थ सिंह व त्विषा शर्मा।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, भोपाल। कुछ महीने पहले जो वीडियो परिवार और दोस्तों के लिए खुशियों, हंसी और नए रिश्ते की शुरुआत की खूबसूरत याद था, वही आज इंटरनेट मीडिया पर वायरल होते हुए लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है। नोएडा की त्विषा शर्मा और भोपाल के वकील समर्थ सिंह की शादी का वेडिंग ट्रेलर त्विषा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद इंटरनेट मीडिया पर सामने आया है। वीडियो में मुस्कुराते चेहरे और हल्के-फुल्के मजाक देखकर लोगों को यकीन नहीं हो रहा कि शादी के बाद त्विषा की जिंदगी में इतना दर्द भर गया होगा।

दिसंबर 2025 को शादी के जोड़े में त्विषा अपने घर से नई जिंदगी के सपने लेकर विदा हुई थीं, लेकिन महज पांच माह बाद, 12 मई को कटारा हिल्स स्थित उनके ससुराल से उनकी मौत की खबर सामने आई। इसके बाद पूरा मामला हाई-प्रोफाइल बन गया और परिवार न्याय की मांग को लेकर सड़क से लेकर अदालत तक संघर्ष कर रहा है।

करीब पांच मिनट के इस वेडिंग ट्रेलर में शादी के कई खूबसूरत और भावुक पल कैद हैं। रिश्तेदारों के मजाक, परिवार की हंसी और दूल्हा-दुल्हन की बातचीत आज लोगों के लिए सवाल और संवेदनाओं का मिश्रण बन गई है।

ऊपर से सख्त, अंदर से नरम

वीडियो में रिश्तेदार त्विषा के बचपन के नाम “टुकटुक” का जिक्र करते हैं। कोई उन्हें बाहर से सख्त लेकिन अंदर से बेहद नरम दिल वाला बताता है, तो कोई उनकी मासूमियत की बात करता है। इन सबके बीच त्विषा खुलकर हंसती दिखाई देती हैं।

पंडितजी, छोड़ दो उनको...

वीडियो के एक हिस्से में त्विषा अपने चुलबुले अंदाज में पंडितजी से मजाक करती नजर आती हैं। हंसते हुए वह कहती हैं, 'पंडित जी छोड़ दो उनको... पूरा फुटेज आप ही खाने वाले हैं क्या? शादी मुझसे करनी है, आपसे नहीं।' माहौल में मौजूद लोग भी इस मजाक पर ठहाके लगाते दिखाई देते हैं।

वीडियो एक हिस्सा जो सबसे ज्यादा चर्चित हो रहा है, वो ये है कि कुछ रिश्तेदार मजाक में कहते हैं, “जीजू कोर्ट में वकील होंगे, लेकिन घर पर तो जज त्विषा ही होंगी।”

पति और सास पर गंभीर आरोप

त्विषा के परिवार ने पति समर्थ सिंह और सास व पूर्व जज गिरीबाला सिंह पर दहेज प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले में पुलिस ने दहेज मृत्यु और क्रूरता से संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है।

फिलहाल समर्थ सिंह फरार है और उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया जा चुका है। उसने अग्रिम जमानत के लिए स्थानीय अदालत से लेकर हाई कोर्ट का भी दरवाजा खटखटाया, लेकिन कहीं राहत नहीं मिली। वहीं, गिरिबाला सिंह को मिली जमानत को भी हाईकोर्ट में चुनौती दी गई है।

इंटरनेट मीडिया पर वायरल यह वीडियो अब सिर्फ शादी की याद नहीं रह गया, बल्कि एक ऐसी कहानी बन गया है जिसमें कुछ महीने पहले की मुस्कानें और आज के सवाल एक साथ दिखाई दे रहे हैं।

यह भी पढ़ें- ट्विशा की मौत के बाद 11 घंटे तक किससे होती रही बात? सास गिरिबाला के फोन से किए 30 कॉल ने मचाई खलबली